हाथ-पैर टूटे, सिर पर गंभीर चोटें
Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के बाद 14 नवंबर को साफ हो गया कि एक फिर अगली सरकार NDA की बनने जा रही है. इस बात पर देशभर में भाजाप कार्यकर्ता और नेता जश्न मना रहे हैं. रैलियां निकाली जा रही हैं और लोगों को मीठा खिलाया जा रहा है. हालांकि, पश्चिम बंगाल (Violent in Bengal) में भाजपा के कार्यकर्ता को यह जश्न महंगा पड़ा गया. दरअसल भाजाप की एक रैली में 40-50 लोगों ने हमला कर दिया. इसमें एक कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हुआ है. अभी उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है. इस घटना के बाद बीजेपी ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
बिहार चुनाव में भाजपा की जीत के समर्थन में पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में भाजपा की ओर से एक रैली निकाली गई. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर करीब 40-50 लोगों के समूह ने हमला कर दिया. घायल कार्यकर्ताओं को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
तृणमूल कांग्रेस पर लगे आरोप
घटना के बाद माहौल में खौफ और गुस्सा दोनों देखने को मिला. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण थी और सभी कार्यकर्ता बिहार में भाजपा की जीत का जश्न मनाने पहुंचे थे. वे मिठाई बांट रहे थे, एक-दूसरे को बधाई दे रहे थे और बातचीत कर रहे थे. आरोप है कि इस दौरान तृणमूल कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर हमला कर दिया. एक घायल भाजपा समर्थक ने आईएएनएस से कहा कि-
‘हम लोग बिहार चुनाव में भाजपा की जीत का जश्न मनाने गए थे. हमारे मंडल के सभी लोग मिठाई बांटने डायमंड हार्बर पहुंचे थे. जैसे ही हम बात कर रहे थे, तभी टीएमसी के एक कार्यकर्ता पुष्पेंदु कुछ अन्य लोगों के साथ आया और हम पर हमला कर दिया. उन्होंने हमें इतनी बुरी तरह मारा जैसे कोई पागल कुत्ते को भी नहीं मारता. हमें लगा कि वे हमें मार ही डालेंगे. उन्होंने लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया. मेरा हाथ कई जगह से टूट गया है और पूरा शरीर जख्मी है.’
कई लोग हुए घायल
बताया जा रहा है कि हमले में कुछ के हाथ-पैर टूट गए हैं, जबकि कई के सिर और पीठ पर गहरी चोटें आई हैं. घायल युवक लगातार दर्द की शिकायत कर रहे हैं और डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की हिंसा से लगातार तनाव बढ़ रहा है. भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि यह हमला राजनीतिक द्वेष की भावना से किया गया है. वहीं टीएमसी की तरफ से इस घटना पर किसी प्रकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी तक नहीं आई है.
ये भी पढ़ें: चुनाव आयोग के दावे फेल! इतिहास बनते-बनते रह गया बिहार चुनाव; कैमूर, मोकामा बने दाग
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं भाजपा की ओर से लगातार कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


