Bharat Express DD Free Dish

लौट आया मानसून का रौद्र रूप! आज 22 राज्यों में भारी बारिश का हाई अलर्ट; IMD ने जारी की चेतावनी

Weather Today: IMD के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र से मानसून फिर सक्रिय हो गया है. इसके चलते यूपी, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर समेत 22 राज्यों में हल्की से भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.

Weather Today

Weather Today: देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ती नजर आ रही थी, लेकिन अब मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून को नई ताकत मिली है. इसका असर आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में देखने को मिलेगा, जहां हल्की बारिश से लेकर भारी बारिश तक की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग का कहना है कि यह लो प्रेशर सिस्टम अगले दो दिनों में और मजबूत हो सकता है तथा उत्तर ओडिशा और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ेगा. इसके प्रभाव से पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले सात दिनों तक अच्छी बारिश होने के आसार हैं. कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है.

इन राज्यों में बारिश का ज्यादा असर

IMD के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. खासतौर पर बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, झारखंड और बिहार समेत कुल 22 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.

दिल्ली में बारिश कम, उमस ज्यादा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन इससे गर्मी और उमस से ज्यादा राहत नहीं मिली. मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है.

उत्तर प्रदेश में कब बढ़ेगी बारिश?

उत्तर प्रदेश में मानसून का असर अलग-अलग हिस्सों में अलग रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां तेज होंगी. 17 से 21 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.

वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 से 18 जुलाई तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके बाद 19 से 21 जुलाई के बीच बारिश का दायरा बढ़ने के साथ कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

बिहार में भी कई दिनों तक बारिश

बिहार के लोगों को भी अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार 16 से 20 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी. वहीं 18 से 20 जुलाई के बीच कुछ जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है. गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

उत्तराखंड और हिमाचल में बढ़ेगा बारिश का दौर

उत्तराखंड में 16 से 21 जुलाई तक व्यापक बारिश का अनुमान है. खासकर 20 और 21 जुलाई को कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश में भी आज से 21 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. शुरुआती दो दिनों में मंडी समेत कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि 18 जुलाई के बाद इसका दायरा और बढ़ जाएगा. 20 और 21 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.


ये भी पढ़ें: आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर गिरी गाज! 38 भवन अवैध घोषित, अब क्या होगा?


झारखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए भी अलर्ट

झारखंड में 18 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद भी 21 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश जारी रहने की संभावना है. कई जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

जम्मू-कश्मीर में फिलहाल बारिश सीमित क्षेत्रों तक रहने की संभावना है, लेकिन 18 जुलाई के बाद इसका असर बढ़ेगा. मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 21 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की भी आशंका है.मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read