Bharat Express DD Free Dish

गर्मी से मिलेगी राहत: अगले 14 घंटों में बदलेगा मौसम, IMD ने जारी किया 18 राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट

आज का मौसम 24 जून 2026: IMD ने दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा समेत 18 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. जानें अपने राज्य का मौसम अपडेट.

Weather Today

Weather Today: पिछले चार महीनों से जारी भीषण गर्मी और उमस से लोगों को अब राहत मिलने के संकेत दिखाई दे रहे हैं. दक्षिण-पश्चिम मानसून ने देश के अधिकांश हिस्सों में रफ्तार पकड़ ली है, जिससे कई राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 18 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.

इन राज्यों में होगी बारिश

आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर भारत में मानसून काफी सक्रिय रहेगा, जिससे कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसके साथ आंधी-तूफान भी आने की आशंका है. वहीं बिहार के कई हिस्सों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ जोरदार आंधी-तूफान और बारिश का अनुमान जताया गया है.

कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आज गर्मी से राहत मिल सकती है (Delhi Weather Today). मौसम विभाग के अनुसार, दिन में कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे और बारिश होने के आसार हैं. कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. आईएमडी का कहना है कि दोपहर के दौरान हवा की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में कमी आने और लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.

उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश में आज मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है. नोएडा, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, आजमगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं मध्य प्रदेश में भोपाल सहित उज्जैन, विदिशा, कटनी, धार, मंदसौर, मुरैना और अशोक नगर जैसे जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. मौसम में बदलाव से तापमान में कमी आने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.

बिहार और राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा. बिहार के सिवान, गया, समस्तीपुर, वैशाली, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सुपौल, भागलपुर और बेगूसराय समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं राजस्थान की राजधानी जयपुर के साथ उदयपुर, बीकानेर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, पाली, सीकर और अजमेर में भी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. इन इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

दक्षिण भारत में चल रही बारिश?

ओडिशा में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. कटक, रायगड़ा, कोरापुट, गजपति और नयागढ़ समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है. राज्य में 27 जून तक ऐसे ही मौसम बने रहने के आसार हैं, जबकि मछुआरों को फिलहाल समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.


ये भी पढ़ें: कर्नाटक में बीजेपी के कुनबे में लग गई सेंध, कई विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग, नितिन नबीन ने राज्य के नेताओं की लगाई क्लास


वहीं तमिलनाडु में अगले दो दिनों तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 25 जून को चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू और रानीपेट में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 26 जून को नीलगिरी, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी, तेनकासी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी में बारिश का असर बढ़ने का अनुमान है. हालांकि चेन्नई में तापमान अभी भी 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read