Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

बंगाल: मुर्शिदाबाद में TMC नेता की हत्या, नादिया में मिला महिला का अर्द्धनग्न शव

पश्चिम बंगाल की मुर्शिदाबाद पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान प्रदीप दत्ता के रूप में हुई है. नादिया जिले के कृष्णानगर में SP कार्यालय के पास महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया है.

Gun Shot

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर में एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है. जिले के डोमकल में एक अलग घटना में बुधवार सुबह देसी बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई. इसके अलावा नादिया जिले के कृष्णानगर में पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के पास महिला का आधा जला हुआ और अर्धनग्न शव बरामद किया गया है. इन घटनाओं की वजह से दोनों जिलों में तनाव फैल गया है.

पुलिस ने बताया कि मृतक तृणमूल कांग्रेस नेता की पहचान प्रदीप दत्ता के रूप में हुई है. जानकारी अनुसार, दत्ता जब सुबह की सैर पर निकले थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाई. जिला पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमलावरों ने दत्ता पर नजदीक से सात गोलियां चलाई.”

जांच में जुटी पुलिस

बताया जा रहा है कि गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग अपने घर से बाहर निकले और देखा कि दत्ता का शरीर खून से लथपथ था. उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. बहरामपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हत्या के पीछे का कारण जानने की कोशिश कर रही है.

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है.जिला पुलिस अधिकारी ने बताया, “हम घटना के बारे में अधिक जानकारी हासिल करने के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ भी कर रहे हैं.”

देसी बम विस्फोट से एक की मौत

इस बीच, मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल में एक अलग घटना में बुधवार सुबह देसी बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई. विस्फोट इतना जोरदार था कि मृतक का शरीर टुकड़ों में बिखर गया. मृतक की पहचान मोमिन मंडल के रूप में हुई है.

पुलिस ने शव के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. जिला पुलिस सूत्रों ने बताया कि विस्फोट संभवत: उस समय हुआ जब मृतक देसी बम बनाने का काम कर रहा था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक के परिजनों ने उसके आपराधिक इतिहास को स्वीकार किया है. उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि मृतक को समय-समय पर देसी बम बनाने के लिए काम पर रखा जाता था.

महिला का आधा जला अर्धनग्न शव मिला

इधर, पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कृष्णानगर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास महिला का आधा जला हुआ और अर्धनग्न शव बरामद किया गया है, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया.

शव को देखने वाले स्थानीय लोगों ने बताया कि पीड़िता का चेहरा इतना जला हुआ था कि उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी. शव को देखने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.

स्थानीय व्यक्ति ने मीडियाकर्मियों को बताया कि ऐसी संभावना लग रही है कि पीड़िता के साथ पहले बलात्कार किया गया और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को जला दिया गया.

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. नादिया जिले के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “ऐसा लगता है कि पीड़ित महिला की उम्र करीब बीस साल है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के पीछे की असली वजह साफ हो पाएगी. इससे यह भी पता चलेगा कि यह बलात्कार और हत्या का मामला है या नहीं। सबसे बड़ी समस्‍या पीड़िता की पहचान जानना है.

बंगाल में महिलाएं असुरक्षित: BJP

वहीं इस घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है. भाजपा के जिला नेतृत्व ने दावा किया है कि इस अपराध ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पश्चिम बंगाल में महिलाएं कितनी “असुरक्षित” हैं.

इस साल अगस्त में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की एक जूनियर डॉक्टर के साथ हुए जघन्य बलात्कार और हत्या को लेकर पश्चिम बंगाल में पहले से ही उबाल है.

जूनियर डॉक्टरों का एक समूह इस मुद्दे पर आमरण अनशन कर रहा है। यह आमरण अनशन 12वें दिन में प्रवेश कर गया. इस महीने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर में एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार और हत्या का मामला सामने आया था.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital