Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

काशी में आज दिखेगा वायुसेना का दम, नमो घाट पर होगा ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो; पीएम मोदी का सीएम योगी ने किया स्वागत

वाराणसी के नमो घाट पर 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना का ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो आयोजित होगा. पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यक्रम में शामिल होंगे. सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया.

Varanasi Wings Over Ganga Air Show

पीएम मोदी का सीएम योगी ने किया स्वागत

Wings Over Ganga Air Show Pm Modi: वाराणसी की धरती पर रविवार, 25 अक्टूबर को देश की सैन्य ताकत, सांस्कृतिक विरासत और औद्योगिक विकास की झलक एक साथ देखने को मिलेगी. भारतीय वायुसेना के 94 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में काशी के नमो घाट पर भव्य ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे. प्रधानमंत्री के काशी आगमन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया और इस आयोजन को देश के लिए गौरव का अवसर बताया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम का गवाह बनेगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का काशी में हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया.

वायुसेना के शौर्य के साथ दिखेगी नए भारत की ताकत

सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय वायुसेना के 94 साल पूरे होने के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो बेहद खास है. यह कार्यक्रम सिर्फ वायुसेना की ताकत और देश की रक्षा के लिए उसके समर्पण को दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि नए भारत की बढ़ती क्षमताओं का भी प्रतीक है.

उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे. इससे वस्त्र उद्योग को बढ़ावा मिलने और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, काशी में एक ओर राष्ट्र रक्षा के प्रति भारतीय वायुसेना का पराक्रम दिखाई देगा, तो दूसरी ओर उद्योग और रोजगार को आगे बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा. उन्होंने इसे सनातन संस्कृति के गौरव और आधुनिक भारत की प्रगति से जोड़कर देखा.

केशव मौर्य ने भी किया प्रधानमंत्री का स्वागत

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी पहुंचने पर उनका स्वागत किया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए काशी को देश की सांस्कृतिक राजधानी और बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी बताया. साथ ही प्रधानमंत्री के आगमन पर खुशी जाहिर की.

पीएम मोदी ने पहले ही जता दिया था उत्साह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एयर शो को लेकर एक दिन पहले ही उत्साह जाहिर किया था. उन्होंने एक्स पर भारतीय वायुसेना के विमानों की शानदार तस्वीरें साझा करते हुए लिखा था, “उल्टी गिनती शुरू हो गई है. ‘विंग्स ओवर गंगा’, 25 अक्टूबर को वाराणसी में.”

अब काशी में होने वाले इस भव्य आयोजन पर सभी की निगाहें टिकी हैं. नमो घाट पर आयोजित एयर शो के जरिए भारतीय वायुसेना के गौरवशाली इतिहास और देश की रक्षा में उसके योगदान को सामने लाने की तैयारी है. प्रधानमंत्री के इस दौरे में सैन्य शक्ति, औद्योगिक विकास और काशी की सांस्कृतिक पहचान तीनों प्रमुख रूप से चर्चा में रहेंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital