Bharat Express DD Free Dish

मणिपुर को मिला नया मुख्यमंत्री, युमनाम खेमचंद सिंह चुने गए विधायक दल के नेता

Manipur New CM: दिल्ली में हुई मणिपुर बीजेपी विधायक दल की बैठक में युमनाम खेमचंद सिंह को नेता चुना गया. इसके साथ ही वह मणिपुर के नए मुख्यमंत्री होंगे.

Yumname Khemchand Singh

Manipur New CM: भारतीय जनता पार्टी के नेता युमनाम खेमचंद सिंह को दिल्ली में हुई मणिपुर बीजेपी विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया है. इसके साथ ही वह मणिपुर के नए मुख्यमंत्री होंगे. मणिपुर से बीजेपी विधायकों की यह अहम बैठक मंगलवार (3 फरवरी) शाम करीब पांच बजे बीजेपी मुख्यालय में हुई. उल्लेखनीय है कि राज्य में मुख्यमंत्री का पद पिछले करीब एक साल से रिक्त था, जिसे लेकर लगातार राजनीतिक अटकलें चल रही थीं.

इससे पहले बीजेपी के वरिष्ठ महासचिवों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पार्टी के एक्सटेंशन ऑफिस में मुलाकात की. इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, संगठन महासचिव बीएल संतोष और राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल भी मौजूद रहे.

सूत्रों के मुताबिक, मणिपुर में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चा के बाद पार्टी नेतृत्व ने युमनाम खेमचंद सिंह के नाम पर मुहर लगाई. उनके मुख्यमंत्री बनने के साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है.

कौन हैं युमनाम खेमचंद सिंह?

युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर की राजनीति में एक अनुभवी और प्रभावशाली नेता माने जाते हैं. सिंगजामेई विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे खेमचंद सिंह का मुख्यमंत्री पद तक का राजनीतिक सफर काफी उल्लेखनीय रहा है. वे मणिपुर विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. वर्तमान सरकार में वे ग्रामीण विकास और पंचायती राज जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ के चलते पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है.


ये भी पढ़ें: अमेरिकी दबाव में मोदी सरकार? ट्रेड डील पर राहुल गांधी का बड़ा हमला, बीजेपी ने आरोपों को बताया भ्रामक


12 फरवरी तक लागू रहेगा राष्ट्रपति शासन

पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के इस्तीफे के चार दिन बाद, पिछले साल 13 फरवरी को केंद्र सरकार ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था. यह राष्ट्रपति शासन 12 फरवरी को समाप्त होने वाला है.

60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा, जिसका कार्यकाल वर्ष 2027 तक है, फिलहाल निलंबित अवस्था में रखी गई है. राज्य विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 37 विधायक हैं, जबकि बीजेपी के सहयोगी पार्टी नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के पास 6 विधायक और नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के पास 5 विधायक हैं. इसके अलावा 3 निर्दलीय विधायक भी भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन दे रहे हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read