Bharat Express DD Free Dish

IPL 2026 Auction: 72% क्रिकेटर 21 से 30 वर्ष के; जानें इस बार आईपीएल में किस उम्र के कितने खिलाड़ी, कौन सबसे उम्रदराज, कौन सबसे युवा?

आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी 16 दिसंबर को होगी, जिसमें 350 खिलाड़ी भाग लेंगे. इस नीलामी में 18 से 39 साल की उम्र के खिलाड़ी शामिल हैं और कुल 77 स्लॉट्स उपलब्ध हैं, जिनमें से 31 विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं.

IPL 2026 Auction: आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी इस साल 16 दिसंबर को होने जा रही है. इस बार ऑक्शन में 18 से 39 साल की उम्र के कुल 350 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. हालांकि, टीमों के पास कुल 77 ही खाली स्लॉट हैं, जिनमें से 31 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं. इस नीलामी में भारत समेत 10 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं.

उम्र के हिसाब से देखें तो 21 से 30 साल के खिलाड़ी सबसे अधिक हैं और इनकी संख्या कुल खिलाड़ियों का 72 प्रतिशत है. इसके बाद 31 से 39 साल के खिलाड़ी 20 प्रतिशत हैं, जबकि 18 से 20 साल के खिलाड़ी आठ प्रतिशत हैं. सबसे युवा खिलाड़ी अफगानिस्तान के वाहिदुल्लाह जादरान होंगे, जिनकी उम्र 18 साल और 13 दिन है. इसके अलावा भारत के साहिल परख और आर.एस. अम्ब्रिश भी 18 साल के खिलाड़ियों में शामिल हैं.

19 साल की उम्र के कुल 12 खिलाड़ी इस नीलामी में उतरेंगे, जिनमें 10 भारतीय और इंग्लैंड व दक्षिण अफ्रीका के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं. भारतीय खिलाड़ियों में कार्तिक शर्मा, सात्विक देसवाल, सिद्धार्थ जून, अहमद इमरान, एरॉन वर्गीज, नमन पुष्पक, विहान मल्होत्रा, खिलन पटेल, कनिष्क चौहान और शुभम राणा शामिल हैं.

बेस प्राइस से होगी शुरूआत

सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भारत के ऑलराउंडर जलज सक्सेना हैं, जिनकी उम्र 39 साल है. वहीं, 38 साल के कर्ण शर्मा, उमेश यादव और इंग्लैंड के रिचर्ड ग्लीसन भी नीलामी में हिस्सा लेंगे. कर्ण शर्मा का बेस प्राइस 50 लाख रुपये है, उमेश यादव 1.5 करोड़ रुपये और ग्लीसन 70 लाख रुपये में नीलामी में उतरेंगे.

बेस प्राइस के अनुसार, 30 लाख रुपये के 227 खिलाड़ी, 40 खिलाड़ियों ने 2 करोड़ रुपये का बेस प्राइस चुना है. 1.5 करोड़ रुपये के 9, 1.25 करोड़ रुपये के 4 और 1 करोड़ रुपये के 17 खिलाड़ी शामिल हैं. बाकी खिलाड़ी 40 और 75 लाख रुपये के प्राइस ब्रैकेट में हैं.

टीमों के पास अलग-अलग बजट और स्लॉट उपलब्ध हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के पास सबसे बड़ा पर्स ₹64.30 करोड़ और 13 स्लॉट (6 विदेशी) उपलब्ध हैं. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के पास ₹43.4 करोड़, सनराइजर्स हैदराबाद ₹25.5 करोड़ और लखनऊ सुपर जाएंट्स ₹22.95 करोड़ का पर्स है. मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के पास सबसे कम बजट है.

कैप्ड और अनकैप्ड खिलाड़ियों का मुकाबला

ऑक्शन की शुरुआत कैप्ड खिलाड़ियों से होगी, जिसमें पहले बल्लेबाज, फिर ऑलराउंडर, विकेटकीपर-बल्लेबाज, तेज गेंदबाज और स्पिनर शामिल होंगे. इसके बाद अनकैप्ड खिलाड़ियों की नीलामी होगी और 70वें खिलाड़ी के बाद एक्सलरेटेड नीलामी शुरू होगी.

इस बार की नीलामी में 10 टीमों के बीच खिलाड़ियों की खरीदारी की भिड़ंत रोमांचक रहने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: IPL 2026 Auction: ₹2 करोड़ के बेस प्राइस में सिर्फ दो भारतीय! नीलामी में छाए विदेशी खिलाड़ी, इस बार कौन-सा प्लेयर सबसे महंगा?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read