IPL 2026 Jasprit Bumrah injury: इंडियन पिम्रियर लीग (IPL 2026) की शुरुआत के लिए एक हफ्ते से भी कम समय बचा हुआ है. इस बीच आईपीएल की 5 बार विजेता रही मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) अभी तक मुंबई में अपनी टीम के साथ प्रैक्टिस सेशन के लिए नहीं जुड़े हैं, जिससे यह अटकलें तेज हो गई है कि क्या मुंबई इंडियंस को IPL 2026 बुमराह के बिना खेलना पड़ सकता है.
चोटिल हैं जसप्रीत बुमराह? (Jasprit Bumrah injury update)
IPL 2026 सीजन का दूसरा मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स होगा. यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. लेकिन बुमराह की अनुपस्थिति ने टीम की चिंता बढ़ा दी है.
रिपोर्ट्स के अनुसार जसप्रीत बुमराह इस समय कर्नाटक में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में हैं. उन्होंने अभी तक टीम के ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा नहीं लिया है और न ही मुंबई पहुंचे हैं. फिलहाल यह साफ नहीं है कि उन्हें कोई नई चोट लगी है या वह सिर्फ रूटीन चेकअप के लिए वहां गए हैं.
BCCI के लिए तुरुप का इक्का
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के लिए और भारतीय टीम के लिए जसप्रीत बुमराह जैसा गेंदबाज तुरुप के इक्के के रूप में काम करता है. बुमराह भारतीय टीम के बहुत अहम खिलाड़ी हैं, इसलिए बीसीसीआई उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता. जब-जब टीम मुश्किल में पड़ी है जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी ने सिर्फ मुसीबत को नहीं बल्कि सामने वाली टीम को भी मात दी है.
जसप्रीत बुमराह को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान चोट लगी थी. इसी वजह से उन्होंने IPL 2025 के पहले 4 मैच भी मिस किए थे. इसके अलावा, उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप के बाद से अब तक कोई वनडे मैच नहीं खेला है.
ये भी पढ़ें: IPL 2026 में BCCI ने जारी किए 7 नए नियम, टीमों की प्रैक्टिस और खिलाड़ियों की दिनचर्या पर सख्ती
MI के कोच ने क्या कहा?
मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने पहले कहा था कि T20 वर्ल्ड कप खेलने वाले खिलाड़ी 22 मार्च तक टीम से जुड़ जाएंगे. लेकिन बुमराह अभी तक टीम के साथ नहीं जुड़े हैं, जिससे सवाल उठ रहे हैं. अभी पूरी स्थिति साफ नहीं है, लेकिन अगर बुमराह समय पर फिट नहीं होते, तो मुंबई इंडियंस के लिए यह बड़ा झटका हो सकता है. टीम को अगर अपना छठा खिताब जीतना है, तो बुमराह का फिट रहना बहुत जरूरी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

