Bharat Express DD Free Dish

IPL में KKR की हैट्रिक जीत! रघुवंशी-रहाणे की जोड़ी ने SRH को 7 विकेट से हराया

IPL 2026 में KKR ने SRH को 7 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की. रघुवंशी की 59 रन की पारी और वरुण चक्रवर्ती की गेंदबाजी रही अहम.

KKR vs SRH kolkata win

SRH vs KKR: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने IPL 2026 के 45वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 7 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की. यह मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया, जहां हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 19 ओवर में 165 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

रघुवंशी-राहणे-रिंकू ने दिलाई जीत

166 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए KKR ने शानदार बल्लेबाजी की और 18.2 ओवर में ही मैच खत्म कर दिया. टीम की जीत में अंगकृष रघुवंशी ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने 47 गेंदों पर 59 रन बनाए. कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी हुई, जिसने मैच को KKR की तरफ मोड़ दिया. अंत में रिंकू सिंह ने तेज खेल दिखाते हुए 11 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाकर जीत पक्की कर दी. हैदराबाद की तरफ से पैट कमिंस, शिवांग कुमार और साकिब हुसैन को एक-एक विकेट मिला, लेकिन टीम जीत हासिल नहीं कर सकी.

इस हार के साथ SRH की लगातार पांच मैचों की जीत का सिलसिला भी टूट गया. टीम ने अब तक 10 में से 6 मैच जीते हैं. वहीं KKR ने 9 में से 3 जीत दर्ज की हैं और उसके खाते में 7 अंक हैं.

KKR की बैटिंग हाइलाइट्स

कोलकाता नाइट राइडर्स की रनचेज में शुरुआत काफी तेज रही. फिन एलन ने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी की और सिर्फ 13 गेंदों में 29 रन बना दिए. उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए, लेकिन पैट कमिंस ने उन्हें आउट कर दिया. इसके बाद अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की मजबूत साझेदारी की. रहाणे ने 36 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था. उनका विकेट साकिब हुसैन ने लिया.

रघुवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 59 रन बनाए. उनकी पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. बाद में रिंकू सिंह और कैमरन ग्रीन ने बिना ज्यादा परेशानी के टीम को जीत तक पहुंचा दिया.

SRH की बैटिंग हाइलाइट्स

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम 19 ओवर में 165 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. टीम के लिए सबसे बड़ी पारी ट्रैविस हेड ने खेली, जिन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में 61 रन ठोक दिए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे. अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत की, लेकिन 10 गेंदों में 15 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए. इसके बाद हेड और ईशान किशन ने पारी संभाली और अच्छी साझेदारी की. किशन ने भी 42 रन बनाए, लेकिन अर्धशतक से चूक गए.


ये भी पढ़ें: बृजभूषण केस में पहली बार विनेश फोगाट ने तोड़ी चुप्पी, बोली- हां मैं हूं यौन उत्पीड़न की शिकार पहलवान


मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन 11 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि बाकी बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके. निचले क्रम में भी रन बनाने की रफ्तार नहीं बढ़ पाई और टीम लगातार विकेट खोती रही. आखिर में कप्तान पैट कमिंस ने थोड़े रन जोड़े, लेकिन टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी और आखिरी ओवरों में जल्दी-जल्दी विकेट गिरने से पारी 165 रन पर ही सिमट गई.

KKR की गेंदबाजों का बोलबाला

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के गेंदबाजों ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया और हैदराबाद की टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया. सबसे ज्यादा असरदार गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती रहे, जिन्होंने अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और तीन महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए.

उनके अलावा अनुभवी स्पिनर सुनील नरेन और तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने भी बढ़िया गेंदबाजी की. दोनों ने दो-दो विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में रखा और रन बनाने की रफ्तार पर लगाम लगाई. बाकी गेंदबाजों ने भी अच्छा साथ निभाया. वैभव अरोड़ा, कैमरून ग्रीन और अनुकूल रॉय ने एक-एक विकेट लेकर योगदान दिया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read