LSG vs SRH IPL 2026
SRH vs LSG: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें सीजन के 10वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीमें हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने थीं. टॉस जीतकर लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने पहले गेंदबाजी चुनी, जो टीम के लिए सही फैसला साबित हुआ. सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन बनाए. टीम की ओर से हेनरिक क्लासेन और नीतीश रेड्डी ने अर्धशतक लगाकर पारी को संभाला. लखनऊ की तरफ से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने दो-दो विकेट लेकर अच्छी गेंदबाजी की.
जीत के बाद मालिक के आंखों में दिखा आंसू
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19.5 ओवर में 5 विकेट गंवाकर मैच जीत लिया और इस सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की. कप्तान ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 68 रन बनाए और टीम की जीत में अहम योगदान दिया. जीत के बाद लखनऊ टीम के मालिक संजीव गोयनका काफी भावुक नजर आए और उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए भगवान का शुक्रिया अदा किया.
कप्तान की कप्तानी पारी
कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की शानदार पारी ने लखनऊ को मुश्किल हालात से निकालकर जीत दिला दी. खराब फॉर्म से जूझ रहे पंत ने इस मुकाबले में तीसरे नंबर पर उतरते हुए संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया. उन्होंने 43 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक टिके रहे. आखिरी ओवर में जब टीम को 9 रन चाहिए थे, तब पंत ने जयदेव उनादकट की पहली दो गेंदों पर लगातार चौके जड़कर मैच लगभग खत्म कर दिया. फिर पांचवीं गेंद पर एक और चौका लगाकर उन्होंने जीत पक्की कर दी. पंत 50 गेंदों में 68 रन बनाकर नाबाद लौटे, जिसमें 9 चौके शामिल थे.
ये भी पढ़ें: IPL से PSL तक सिर्फ एक ही नाम का शोर, आखिर कौन है ये ‘समीर’ जिसने सरहद के दोनों पार मचाया तहलका?
मोहम्मद शमी का तूफानी स्पेल
दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही. मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) के घातक स्पैल ने टीम की कमर तोड़ दी, जिसके चलते शुरुआती 10 ओवरों में ही 35 रन पर चार विकेट गिर गए. इस मुश्किल समय में क्लासेन और रेड्डी ने पारी को संभालते हुए आक्रामक रुख अपनाया. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों में 116 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. क्लासेन ने 41 गेंदों में 62 रन और रेड्डी ने 33 गेंदों में 56 रन की तेजतर्रार पारियां खेलीं, जिसमें कई बड़े शॉट्स शामिल रहे.
हालांकि, इन दोनों के आउट होते ही हैदराबाद की रफ्तार फिर थम गई और टीम 156 रन तक ही सिमट गई. शमी ने अपने चार ओवरों में सिर्फ 9 रन खर्च कर दो विकेट लिए और 18 डॉट गेंदें डालकर दबाव बनाए रखा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
