MS Dhoni Noor Ahmed CSK vs KKR: आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं. हैरानी की बात यह है कि धोनी अपनी पिंडली की चोट (Calf Injury) के कारण इस सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं, लेकिन इसके बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की हर जीत में उनके मास्टरमाइंड की झलक देखने को मिल रही है.
बीती रात कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के खिलाफ मिली 32 रनों की शानदार जीत के असली हीरो अफगानिस्तान के युवा स्पिनर नूर अहमद रहे, जिन्होंने अपनी फिरकी के जाल में केकेआर के दिग्गजों को फंसा लिया. लेकिन इस कामयाबी के पीछे असली कहानी नेट प्रैक्टिस के दौरान लिखे गए उस ‘गुरुमंत्र’ की है, जो धोनी ने नूर को दिया था.
फ्लॉप चल रहे नूर ने कैसे पलटी बाजी?
इस मैच से पहले नूर अहमद का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था और उन्होंने चार मैचों में महज एक विकेट हासिल किया था. लेकिन केकेआर के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में मात्र 21 रन देकर 3 बेशकीमती विकेट (अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह और कैमरन ग्रीन) झटके. मैच के बाद सीएसके के असिस्टेंट कोच श्रीधरन श्रीराम ने खुलासा किया कि नूर की इस बदली हुई गेंदबाजी का राज धोनी के साथ हुई उनकी लंबी बातचीत है.
श्रीराम के मुताबिक, धोनी ने नेट सत्र के दौरान नूर को गेंद की गति हवा में थोड़ी धीमी रखने और ‘साइड स्पिन’ के साथ-साथ ‘लेग ब्रेक’ पर अधिक ध्यान देने के लिए प्रेरित किया था. पिच से मदद न मिलने के बावजूद धोनी की सलाह पर अमल करते हुए नूर ने केकेआर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.
डगआउट से ही चल रहा है ‘माही’ का जादू
भले ही धोनी मैदान पर दस्ताने पहनकर नहीं उतर रहे हैं, लेकिन डगआउट और ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी ही विरोधियों के लिए काल साबित हो रही है. कोच श्रीराम ने बताया कि धोनी पिंडली में खिंचाव के बावजूद खिलाड़ियों के साथ घंटों वक्त बिता रहे हैं.
नूर अहमद जैसे युवा स्पिनर के साथ उनकी तकनीकी चर्चा का परिणाम ही था कि कल रात बल्लेबाजों के लिए नूर को पढ़ना नामुमकिन हो गया. इसके साथ ही वेस्टइंडीज के अकील हुसैन और नूर की जुगलबंदी ने भी सीएसके की जीत में बड़ी भूमिका निभाई, जहाँ अकील ने नूर को सही लेंथ पकड़ने में मदद की और फिर धोनी के बताए ‘ड्रॉप’ वाले फार्मूले ने केकेआर का काम तमाम कर दिया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


