Urdu Conclave 2026

‘यही रात अंतिम, यही रात भारी…’ विराट बनाम रबाडा, गिल बनाम भुवनेश्वर! फाइनल की इन टक्करों पर टिकी हैं करोड़ों निगाहें

RCB vs GT Final: IPL 2026 का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में RCB और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा. मैच में विराट कोहली और कगिसो रबाडा की भिड़ंत के साथ शुभमन गिल और भुवनेश्वर कुमार का मुकाबला सबसे अहम माना जा रहा है.

IPL 2026 Final Preview

IPL 2026 Final Preview

RCB vs GT Final: ‘यही रात अंतिम, यही रात भारी, बस एक रात की अब कहानी है सारी’, यह मशहूर गीत आपने रामानंद सागर द्वारा निर्देशित प्रसिद्ध टीवी धारावाहिक ‘रामायण’ में सुना होगा. लेकिन आज होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल (IPL Final 2026) के संदर्भ में भी इसे जोड़ा जा रहा है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए अंतिम रात की तरह साबित होगा, क्योंकि इस मैच को जीतने वाली टीम IPL 2026 की चैंपियन बनेगी. हालांकि, इससे पहले दोनों टीमों के सामने बड़ी चुनौतियां हैं, जिन पर आज का मुकाबला पूरी तरह टिका हुआ है.

रबाडा बनाम कोहली: फाइनल की सबसे बड़ी टक्कर

गुजरात टाइटंस के ताबतोड़ गेंदबाज कगिसो रबाडा इस सीजन शानदार लय में हैं. उनकी तेज रफ्तार गेंदबाजी बल्लेबाजों के लिए लगातार चुनौती बनी हुई है. दूसरी ओर RCB के ‘किंग’ विराट कोहली भी बेहतरीन फॉर्म में हैं और पूरे टूर्नामेंट में लगातार रन बना रहे हैं. (Virat Kohli vs Kagiso Rabada)

आईपीएल में दोनों का मुकाबला कई बार देखने को मिला है. रबाडा के खिलाफ कोहली ने 63 गेंदों में 99 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 157.14 रहा है. हालांकि रबाडा ने कोहली को 4 बार आउट भी किया है, जिससे साफ है कि वह उन्हें परेशान करने में सफल रहे हैं. इन आंकड़ों से पता चलता है कि कोहली रबाडा पर तेजी से रन बना सकते हैं, लेकिन रबाडा के पास भी उन्हें रोकने की क्षमता है. फाइनल में दोनों दिग्गजों की यह भिड़ंत मैच का नतीजा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है.

अहमदाबाद में गिल का दम, भुवनेश्वर की चुनौती

गुजरात के कप्तान शुभमन गिल का अहमदाबाद के मैदान पर रिकॉर्ड शानदार रहा है. इस मैदान पर उन्होंने टी20 क्रिकेट में 1500 से ज्यादा रन बनाए हैं और यहां उनका बल्लेबाजी प्रदर्शन हमेशा खास रहा है. हालांकि, फाइनल में उनके सामने भुवनेश्वर कुमार की कड़ी चुनौती होगी (Shubman Gill vs Bhuvneshwar Kumar). आईपीएल में भुवनेश्वर ने गिल को 6 बार आउट किया है, जिससे पता चलता है कि उन्हें गिल के खिलाफ सफलता मिलती रही है.

ऐसे में एक तरफ गिल अपने पसंदीदा मैदान पर बड़ी पारी खेलना चाहेंगे, वहीं भुवनेश्वर उनकी शुरुआत को जल्दी खत्म करने की कोशिश करेंगे. यह मुकाबला मैच का अहम पहलू साबित हो सकता है.

किसके घर जाएगी ट्रॉफी? (IPL 2026 Final Preview)

फाइनल में कई बड़े खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी. एक तरफ कगिसो रबाडा की तेज गेंदबाजी होगी, तो दूसरी ओर विराट कोहली का अनुभव और शानदार फॉर्म. शुभमन गिल अपने पसंदीदा मैदान पर उतरेंगे, जबकि साई सुदर्शन भी टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देंगे. वहीं जोश हेजलवुड अपनी शानदार लय को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे.

ट्रॉफी आखिर किस टीम के हाथ लगेगी, इसका जवाब मैच के बाद मिलेगा. लेकिन इतना जरूर है कि दोनों टीमों के पास मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं, इसलिए फैंस को रोमांच और शानदार क्रिकेट का भरपूर मजा मिलने वाला है.


ये भी पढ़ें: ‘E Sala Cup Namde’ से ‘E Sala Cup Namdu’ तक… 18 साल के दर्द और ट्रोलिंग के बाद आखिरकार ऐसे ‘किंग’ बनी RCB!


दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 (RCB vs GT Playing 11)

गुजरात टाइटंस की प्लेइंग 11 (GT Playing 11): साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, राहुल तेवतिया, कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.

इम्पैक्ट प्लेयर: अरशद खान / आर साई किशोर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग 11 (RCB Playing 11): वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रसिक सलाम डार, जैकब डफी.

इम्पैक्ट प्लेयर: रोमारियो शेफर्ड / सुयश शर्मा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read