Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

यूपी के पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय नहीं रहे,मुख्यमंत्री योगी ने दुख जताया

लखनऊ – उत्तर प्रदेश के पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय नहीं रहे। शुक्रवार देर रात आगरा के रेनबो हॉस्पिटल में निधन हो गया। उनकी उम्र करीब 65 वर्ष थी। वह लंबे समय से कैंसर और अन्य बीमारियों से जूझ रहे थे। रामवीर उपाध्याय बीएसपी सरकार में चार बार ऊर्जा और परिवहन विभागों के कैबिनेट मंत्री रहे थे। रामवीर के निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह घर पर रहकर ही इलाज करा रहे थे..। रात 10 बजे जब उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो उनको रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, वहां उनका निधन हो गया। पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के राजनीतिक करियर की बात करें तो उन्होंने वर्ष 1993 में अपना पहला चुनाव हाथरस विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा ।

उसके बाद उन्होंने वर्ष 1996, 2002, 2007, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव बीएसपी के टिकट पर लड़े। जब भी प्रदेश में बीएसपी की सरकार बनी, तब-तब रामवीर उपाध्याय कैबिनेट मंत्री बने। रामवीर उपाध्याय ने पहले तीन चुनाव तो हाथरस विधानसभा क्षेत्र से बीएसपी उम्मीदवार के रूप में लड़े और जीत हासिल की। उन्होंने एटा जिले के जलेसर लोकसभा क्षेत्र से बीएसपी के टिकट पर सांसद का चुनाव लड़ा था, लेकिन इस चुनाव में वह तीसरे स्थान पर रहे थे।

लगातार 25 वर्ष के राजनीतिक करियर में विजयी रहने के बाद इस वर्ष 2022 में उन्होंने पाला बदला और बीजेपी में शामिल हो गए। बीमार रहने के बावजूद उन्होंने यह चुनाव भी लड़ा, लेकिन राष्ट्रीय लोकदल के प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू ने इस चुनाव में हरा दिया।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शोक जताया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने राज्य सरकार के पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने उपाध्याय के निधन पर शोक जताते हुए ट्विटर पर लिखा, “यूपी सरकार के पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने ट्विटर पर लिखा कि नेता एवं पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय जी के आकस्मिक निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें ।

दिवंगत रामवीर उपाध्याय परिवार में एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। रामवीर उपाध्याय के भाई रामेश्वर ब्लॉक प्रमुख हैं। उनके एक और भाई मुकुल उपाध्याय पूर्व विधायक हैं।

-आईएएनएस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital