श्याम लाल वैष्णव, चित्तौड़गढ़
Chittorgarh MD Factory Bust: चित्तौड़गढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन विष हरण के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. जिले के आठ थानों के थानाधिकारी और करीब 100 पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने थाना गंगरार क्षेत्र के ग्राम जीवा नायकों का खेड़ा में दबिश दी. इस दौरान अब तक की सबसे बड़ी एमडी बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ और अंतर-जिला तस्करी नेटवर्क ध्वस्त कर दिया गया.
बरामदगी और गिरफ्तारी
पुलिस ने मौके से चार लैपटॉप, 33 मोबाइल फोन, एक कैमरा, एक ड्रोन सेट, नोट गिनने की मशीन और 14,16,950 नगद रुपये बरामद किए. साथ ही तीन आरोपियों जगदीश पुत्र तुलसीराम बंजारा, अशोक पुत्र जगदीश बंजारा और राहुल पुत्र जगदीश बंजारा को गिरफ्तार किया गया. हालांकि दबिश के दौरान कुछ आरोपी पहाड़ियों से फरार हो गए.
कैसे हुआ खुलासा?
इससे पहले कोतवाली चित्तौड़गढ़ पुलिस ने सत्तू माली और जीवन वैष्णव को गिरफ्तार कर उनके पास से 6 ग्राम और 2 ग्राम एमडी बरामद की थी. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नशा ग्राम जीवा नायकों का खेड़ा से मिला था. इसी सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर फैक्ट्री का पता चला.
कैसी थी पुलिस की तैयारी?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन में सीओ गंगरार शिवन्या सिंह और सीओ सिटी बृजेश सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाई गई. दबिश के दौरान भारी मात्रा में नशा और उपकरण मिले जिनमें स्मैक, टांका, देशी शराब, एमडी बनाने का कच्चा माल, एसिटिक एसिड, सोडा ऐश, एसिटाइल क्लोराइड, मास्क-रेस्पिरेटर सेट और अन्य सामग्री शामिल है.
ये भी पढ़ें-मुंबई में खत्म हुआ ठाकरे परिवार का दबदबा, बीजेपी ने उनके ही गढ़ में लगाई सेंध
कार्रवाई में कई वाहन जब्त
कार्रवाई में एक हुंडई क्रेटा कार, होंडा SP-125 मोटरसाइकिल और यामाहा FZ-25 बाइक भी जब्त की गई. पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने कहा कि यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों के संगठित गिरोह को खत्म करने की दिशा में निर्णायक कदम है. n
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

