Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

सीएम शिवराज करेंगे 2519 करोड़ लागत वाले 69 सीएम राइज स्कूलों का भूमि-पूजन

आधुनिक प्रयोगशाला, कम्प्यूटर लेब, स्मार्ट क्लॉस, पुस्तकालय, कला, संगीत, खेल-कूद और व्यवसायिक शिक्षा जैसी सुविधाओं से लैस होंगे सीएम राइज स्कूल

भोपाल. 28 अक्टूबर, 2022. मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान इन्दौर में 29 अक्टूबर को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 2519 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत के 69 सीएम राइज स्कूल का भूमि-पूजन करेंगे. यह प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि होगी. सीएम राइज स्कूलों में स्मार्ट माध्यम से शिक्षा दी जाएगी और आधुनिक प्रयोगशाला, कम्प्यूटर लेब, स्मार्ट क्लॉस, पुस्तकालय की सुविधा के साथ कला, संगीत, खेल-कूद और व्यवसायिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी. ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी इन स्कूलों में उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे.

राज्य शासन ने स्कूली शिक्षा में आमूलचूल परिवर्तन करने के लिए सीएम राइज स्कूल शुरू करने का क्रांतिकारी निर्णय लिया है. ये स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता को और भी बेहतर बनाने के लिए खोले जा रहे हैं. सीएम राइज स्कूल में के.जी. से लेकर कक्षा 12वीं तक शिक्षा दी जाएगी. प्रदेश में 2 चरण में 9 हजार 95 सीएम राइज स्कूल खोले जायेंगे. प्रथम चरण में वर्ष 2021-24 में प्रत्येक जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर 360 स्कूल खोले जायेंगे। दूसरे चरण में वर्ष 2024 से 2031 तक प्रत्येक 10 से 15 किलोमीटर में एक सीएम राइज स्कूल शुरू होगा और 8 हजार 735 स्कूल खोले जायेंगे. सीएम राइज स्कूल का लक्ष्य छात्रों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय प्रगति लाना रहेगा.

सीएम राइज स्कूल की प्रमुख विशेषताएँ

सीएम राइज स्कूल की 10 प्रमुख विशेषता निर्धारित की गई हैं। इन स्कूलों में विश्व-स्तरीय अधो-संरचना, परिवहन सुविधा, नर्सरी एवं पूर्व प्राथमिक कक्षाएँ, स्मार्ट क्लॉस एवं डिजिटल लर्निंग, शत-प्रतिशत स्टॉफ एवं सहायक स्टॉफ, स्टॉफ की क्षमता वृद्धि, सुसज्जित प्रयोगशालाएँ, वाचनालय, पाठ्येत्तर सुविधाएँ, 21वीं सदी की आवश्यकता के अनुरूप कौशल कार्यक्रम, व्यावसायिक शिक्षा और पालकों की सहभागिता रहेगी.

सीएम राइज स्कूल का विजन, मिशन और मूल्य

सीएम राइज स्कूल का उद्देश्य ऐसे स्कूल समुदाय का निर्माण करना है, जो सभी विद्यार्थियों में कठिनाइयों से निपटने की क्षमता और उनके संपूर्ण विकास को बढ़ावा देगा. उन्हें समाज में योगदान देने और संवैधानिक मूल्यों को बरकरार रखने के लिए सशक्त बनायेगा। इन स्कूलों की स्थापना में राज्य सरकार का मिशन, विकास में सहायक, समावेशी और आनंदमय स्कूल समुदाय का निर्माण करना है. कौशल तथा एकीकृत समग्र शिक्षा को प्रोत्साहित करके विद्यार्थियों को जिज्ञासु एवं रचनात्मक कार्यों में सक्षम और आत्म-निर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है. सीएम राइज स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षा से उनके द्वारा चुने गए पथ पर आगे बढ़ने, अपनी पूरी क्षमता का उपयोग करने में समर्थ बनाने और परिपूर्ण जीवन जीने के लिए अवसर एवं सहायता मिलेगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read


Pension Mission Shakti Digital