Bharat Express DD Free Dish

मुजफ्फरनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, CCTV फुटेज वायरल

Muzaffarnagar Road Accident: मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार पंकज पाल की मौके पर ही मौत हो गई. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है, जबकि पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी है.

Muzaffarnagar Road Accident

Muzaffarnagar Road Accident

Muzaffarnagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल फुटेज में एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारती हुई दिखाई दे रही है. हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, सड़क किनारे चल रहे दो राहगीर टक्कर से बाल-बाल बचे.

हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार दोपहर नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर हुआ. बताया जा रहा है कि हरिद्वार की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर दूर तक घिसटता चला गया. इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे की पूरी घटना पास में स्थित एक गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे देखकर लोग हादसे की भयावहता का अंदाजा लगा रहे हैं.

मृतक बाइक से जा रहा था अपने घर

मृतक की पहचान नसीरपुर गांव निवासी पंकज पाल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह हाईवे से अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में गो-तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

घटना करीब 1.30 बजे के आसपास हुई

इस मामले में सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और मृतक की पहचान पंकज पाल के रूप में की. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार फोर व्हीलर की टक्कर से यह हादसा हुआ. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है. तहरीर मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश में जुटी हुई है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read