पीएम मोदी
गांधीनगर/अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय गुजरात प्रवास के समापन और शनिवार को नई दिल्ली लौटने से पूर्व राज्य की महत्वाकांक्षी और दूरगामी विकास परियोजनाओं की गहन समीक्षा की. गांधीनगर स्थित लोक भवन में रात्रि विश्राम के पश्चात प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर ‘धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र’ (Dholera SIR), ऐतिहासिक ‘साबरमती आश्रम पुनर्विकास परियोजना’ और वर्ष 2030 में होने वाले ‘कॉमनवेल्थ गेम्स’ की तैयारियों की प्रगति का जायजा लिया.
सेमीकंडक्टर हब बनेगा धोलेरा SIR, ₹1,200 करोड़ से संवर रहा साबरमती आश्रम
समीक्षा बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद जिले में विकसित हो रहे देश के पहले ग्रीनफील्ड स्मार्ट औद्योगिक शहर ‘धोलेरा एसआईआर’ के कार्यों को तेज गति देने पर जोर दिया. एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर उत्पादन के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहे धोलेरा में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स द्वारा सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जबकि अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे के संचालन के साथ-साथ एयरपोर्ट और रेल कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से ₹1,200 करोड़ की लागत से 55 एकड़ में चल रहे साबरमती आश्रम पुनर्विकास प्रोजेक्ट की भी समीक्षा की, जिसके तहत मूल 5 एकड़ के आश्रम की पवित्रता को अक्षुण्ण रखते हुए 28 विरासत भवनों का जीर्णोद्धार और आधुनिक संग्रहालय विकसित किए जा रहे हैं.
अहमदाबाद में 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का रोडमैप तैयार
बैठक में अहमदाबाद को वैश्विक खेल मानचित्र पर स्थापित करने वाले ‘2030 कॉमनवेल्थ गेम्स’ की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई. गुजरात सरकार ने इसके लिए ₹301 करोड़ आवंटित किए हैं और योजना व प्रबंधन के लिए ‘अमदावाद 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स ऑर्गनाइजेशन’ का गठन किया है. इससे पूर्व शुक्रवार शाम प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ गुजराती नववर्ष के उपलक्ष्य में रात्रिभोज में भाग लिया. वहीं, त्योहारी सीजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आम जनता की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री का शनिवार को प्रस्तावित अंबाजी मंदिर दौरा स्थगित कर दिया गया.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


