केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है. ईडी ने उनकी बेटी वीणा विजयन को पूछताछ के लिए समन जारी किया है. ईडी ने 12 जून को कोच्चि स्थित कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए हैं. बताया जा रहा है कि इस मामले में नौ लोगों को समन भेजा गया है, जिनमें कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) से जुड़े अधिकारी शामिल हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा यह समन वीणा की आईटी कंपनी ‘एक्सलॉजिक सॉल्यूशन’ और सीएमआरएल के बीच हुए कथित अवैध वित्तीय लेनदेन की जांच के सिलसिले में भेजा गया है.
केरल हाई कोर्ट ने दी ईडी को हरी झंडी
बता दें कि हाल ही में केरल हाई कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत ईडी की व्यापक जांच शक्तियों को पूरी तरह से हरी झंडी दे दी थी. कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया था कि जांच एजेंसी को मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में अपनी कार्रवाई शुरू करने या कुर्की जैसी सिविल प्रक्रिया अपनाने के लिए किसी अनुसूचित अपराध में पहले से आधिकारिक शिकायत दर्ज करने का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है. इसे ईडी के लिए एक बड़ी कानूनी और रणनीतिक जीत के तौर पर देखा जा रहा है.
ईडी को मिली यह सफलता राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन के मामले में विपक्षियों (विजयन परिवार) के लिए एक तगड़े झटके के रूप में देखी जा रही है. कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट कर दिया था कि ईसीआईआर (ECIR) को पुलिस द्वारा दर्ज की जाने वाली एफआईआर के समकक्ष नहीं माना जा सकता है. यह महज केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी की एक आंतरिक और गोपनीय प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित वित्तीय हेराफेरी या धन शोधन की जांच शुरू करने का एक प्रशासनिक रिकॉर्ड बनाए रखना है.
परिसरों पर हो चुकी है छापेमारी
यह मामला पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी की आईटी कंपनी एक्सलॉजिक सॉल्यूशन से जुड़ा हुआ है. इसको लेकर हाल ही में ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री विजयन के आवास जहाँ पर उनकी बेटी वीणा रहती हैं, वहाँ और बेकरी जंक्शन के पास स्थित विजयन के किराए के आवास पर छापेमारी की थी. CMRL के प्रबंध निदेशक ससीधरन कार्था से जुड़े ठिकाने भी जांच के दायरे में हैं. जांच अधिकारी कथित मासिक भुगतान से जुड़े डिजिटल उपकरणों, वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं. ईडी की टीम ने बेपोर से सीपीआई(एम) विधायक और वीना विजयन के पति पीए मोहम्मद रियास के आवास पर भी छापेमारी की थी.
भुगतान का है पूरा मामला
इससे पहले 26 मई को केरल हाई कोर्ट ने कोचीन Minerals एंड रुटाइल लिमिटेड और वीणा विजयन की आईटी कंपनी एक्सलॉजिक सॉल्यूशन के बीच संदिग्ध लेन देन के मामले में एक अहम फैसला सुनाया था. कोर्ट ने ईडी की मनी लॉन्ड्रिंग जांच पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया था. इस मामले में आरोप है कि कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड ने 2018 से 2019 के बीच पिनराई विजयन की बेटी टी वीना की कंपनी एक्सलॉजिक सॉल्यूशन को 1.72 करोड़ रुपए का अवैध भुगतान किया था. आरोप है कि आईटी कंपनी ने सीएमआरएल को कोई सेवा नहीं दी थी. इस खुलासे के बाद ईडी ने पीएमएलए (PMLA) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



