Akarna Dhanurasana benefits
Akarna Dhanurasana benefits: आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में पीठ दर्द, कंधों की जकड़न और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. ऐसे में योग का नियमित अभ्यास शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में मददगार साबित हो सकता है. इन्हीं प्रभावी योगासनों में से एक है आकर्ण धनुरासन, जिसे शरीर में लचीलापन, संतुलन और एकाग्रता बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण आसन माना जाता है.
क्या है आकर्ण धनुरासन?
आकर्ण धनुरासन संस्कृत के तीन शब्दों ‘आ’ (तक), ‘कर्ण’ (कान) और ‘धनुष’ (कमान) से मिलकर बना है. इस आसन में शरीर की मुद्रा धनुष की तरह दिखाई देती है और पैर को कान की ओर खींचा जाता है. यह योगासन मुख्य रूप से कंधों, जांघों, कूल्हों और रीढ़ की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के साथ शरीर में लचीलापन बढ़ाने में सहायक माना जाता है.
आयुष मंत्रालय ने बताए कई फायदे
आयुष मंत्रालय के अनुसार, आकर्ण धनुरासन शरीर में शक्ति, संतुलन और लचीलापन विकसित करने वाला प्रभावी योगाभ्यास है. नियमित अभ्यास से रीढ़ की हड्डी मजबूत और लचीली बनी रहती है. साथ ही पीठ, कंधे और छाती की मांसपेशियां भी मजबूत होती हैं, जिससे पीठ दर्द और शरीर की जकड़न में राहत मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: Skin Fasting Trend: क्या स्किन फास्टिंग है फायदेमंद या नुकसानदायक? जानिए एक्सपर्ट्स की सलाह
पाचन और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी
इस आसन के दौरान पेट के अंगों पर हल्का दबाव पड़ता है, जिससे पाचन क्रिया बेहतर होती है और कब्ज जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है. इसके अलावा पैरों, जांघों और कूल्हों की मांसपेशियों में अच्छा खिंचाव आता है. यह योगासन संतुलन, एकाग्रता और मानसिक दृढ़ता बढ़ाने में भी मदद करता है. नियमित अभ्यास से आत्मविश्वास में भी सकारात्मक सुधार देखा जा सकता है.
अभ्यास के दौरान रखें ये सावधानियां
योग विशेषज्ञों के अनुसार, शुरुआती लोगों को आकर्ण धनुरासन का अभ्यास किसी प्रशिक्षित योग शिक्षक की देखरेख में ही करना चाहिए. आसन करते समय शरीर पर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहिए और अपनी क्षमता के अनुसार ही अभ्यास करना चाहिए.यदि किसी व्यक्ति की रीढ़ (स्पाइन) या गर्दन में गंभीर चोट, दर्द या अन्य समस्या है, तो इस आसन से बचना चाहिए. किसी भी प्रकार की शारीरिक परेशानी होने पर पहले डॉक्टर या योग विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित रहेगा.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




