Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

महाकुंभ: अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी ने ‘संगम घाट’ पर की पूजा-अर्चना, बताया- ‘अद्भुत अनुभव’

अदाणी ग्रुप के अध्यक्ष गौतम अदाणी मंगलवार को संगम नगरी प्रयागराज में ‘महाकुंभ 2025’ के भव्य आयोजन में पहुंचे. इस दौरान गौतम अदाणी ने महाकुंभ मेला में इस्कॉन मंदिर के शिविर का दौरा किया.

Gautam Adani in Maha Kumbh
Prashant Rai Edited by Prashant Rai

अदाणी ग्रुप के अध्यक्ष गौतम अदाणी मंगलवार को संगम नगरी प्रयागराज में ‘महाकुंभ 2025’ के भव्य आयोजन में पहुंचे. इस दौरान गौतम अदाणी ने महाकुंभ मेला में इस्कॉन मंदिर के शिविर का दौरा किया. इस दौरान उनकी पत्नी प्रीति अदाणी भी मौजूद रहीं.

स्वागत के बाद गौतम अदाणी को महाप्रसाद बनाते हुए देखा गया. उन्होंने अपनी पत्नी के साथ इस्कॉन मंदिर के शिविर में लोगों को महाप्रसाद वितरित किया. उसके बाद गौतम अदाणी ने पत्नी प्रीति अदाणी के साथ ‘संगम घाट’ पर पूजा-अर्चना की. वहीं, बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया.

गौतम अदाणी ने मोदी योगी का किया धन्यवाद

इस दौरान गौतम अदाणी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं प्रयागराज की धरती पर आया हूं और यहां आना अद्भुत अनुभव रहा है. यहां के अनुभव को शब्दों में नहीं बताया जा सकता है. महाकुंभ की दिव्यता और भव्यता अवर्णनीय है. मैं सभी भारतीयों की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ को दिल से धन्यवाद देता हूं. मैं इतनी बड़ी संख्या में आगंतुकों के प्रबंधन के लिए उत्तर प्रदेश प्रशासन, विशेष रूप से पुलिसकर्मियों और स्वच्छता कर्मचारियों को भी धन्यवाद देता हूं.

जिस तरह से यहां व्यवस्थाएं की गई हैं, वह वाकई प्रबंधन संस्थानों और कॉरपोरेट घरानों के लिए अध्ययन का विषय है. मेरे लिए मां गंगा के आशीर्वाद से बढ़कर कुछ नहीं है.

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में अपार संभावनाएं हैं. प्रदेश की 25-27 करोड़ की आबादी है. उत्तर प्रदेश सरकार विकास की दिशा में काम कर रही है. राज्य के विकास में अदाणी ग्रुप अपना योगदान देता रहेगा. हम राज्य में अधिकतम निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

पारंपरिक तरीकों से होगी बेटे की शादी

अपने बेटे जीत अदाणी की शादी को लेकर गौतम अदाणी ने कहा कि जीत की शादी 7 फरवरी को है. हमारा कार्यक्रम आम लोगों की तरह है. उनकी शादी बेहद साधारण और पूरे पारंपरिक तरीकों से होगी.

अदाणी समूह इस साल इस्कॉन और गीता प्रेस के साथ मिलकर महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में लगा हुआ है. इस्कॉन के साथ मिलकर अदाणी समूह प्रतिदिन एक लाख श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण कर रहा है. परिसर में ‘अदाणी महाप्रसाद’ का आयोजन किया जा रहा है, जहां हजारों भक्तों की भीड़ लगी हुई है.


इसे भी पढ़ें- महाकुंभ से पैदा होंगी 12 लाख नौकरियां: NLB Services


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital