Bharat Express DD Free Dish

महाशिवरात्रि पर इस मंत्र के जाप से खुल सकता है आपके भाग्य का द्वार…

महाशिवरात्रि पर ‘ओम नमः शिवाय’ मंत्र का जाप अत्यंत लाभकारी माना जाता है. यह पंचतत्वों का प्रतीक है और मोक्ष प्राप्ति का मार्ग दिखाता है. इसका नियमित जाप जीवन में सुख-समृद्धि लाता है.

Mahashivratri

सनातन धर्म में महाशिवरात्रि का पर्व बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है. यह पर्व शिव भक्तों के लिए आध्यात्मिक शक्ति और भक्ति का संगम होता है. इस बार महाशिवरात्रि 26 फरवरी 2025, बुधवार को मनाई जाएगी. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन की गई पूजा अत्यंत फलदायी होती है. भक्त शिवलिंग का अभिषेक करते हैं, व्रत रखते हैं और पूरे दिन भगवान शिव के मंत्रों का जाप करते हैं.

‘ओम नमः शिवाय’ मंत्र का महत्व

शिव मंत्रों में ‘ओम नमः शिवाय’ को सबसे शक्तिशाली और प्रभावशाली माना गया है. इस मंत्र का उल्लेख स्कंदपुराण सहित कई धार्मिक ग्रंथों में किया गया है. यह मंत्र भगवान शिव की कृपा पाने का सरल और प्रभावी माध्यम है. धार्मिक मान्यता है कि यह पंचतत्वों— पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश का प्रतिनिधित्व करता है. यह मोक्ष प्राप्ति का मार्ग दिखाने वाला और जीवन के कष्टों को दूर करने वाला मंत्र माना जाता है.

ओम नमः शिवाय मंत्र के फायदे

ज्योतिषाचार्य ऋषिकांत मिश्र शास्त्री के अनुसार, ‘ओम नमः शिवाय’ मंत्र के जाप से अनेक लाभ प्राप्त होते हैं—

  • धन और समृद्धि: यह मंत्र आर्थिक उन्नति में सहायक होता है.
  • शत्रु बाधा निवारण: इस मंत्र के नियमित जाप से शत्रु परास्त होते हैं.
  • संतान सुख: जो दंपत्ति संतान सुख की इच्छा रखते हैं, उनके लिए यह मंत्र अत्यंत लाभकारी है.
  • मानसिक शांति: इस मंत्र के जाप से मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति होती है.
  • मोक्ष प्राप्ति: यह मंत्र जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति प्रदान करने में सहायक माना जाता है.

ओम नमः शिवाय’ मंत्र जाप की विधि

  • इस मंत्र का जाप तीर्थ स्थल, मंदिर या एकांत स्थान पर बैठकर करना चाहिए.
  • जाप के लिए रुद्राक्ष की माला का उपयोग करना सबसे श्रेष्ठ माना जाता है.
  • इस मंत्र का जाप कम से कम 108 बार नियमित रूप से करना चाहिए.
  • मंत्र जाप करते समय पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुख करके बैठना लाभकारी होता है.
  • योग मुद्रा में बैठकर शुद्ध उच्चारण के साथ इस मंत्र का जाप करना चाहिए.

महाशिवरात्रि पर विशेष रूप से करें जाप

महाशिवरात्रि के दिन इस मंत्र का विशेष महत्व होता है. इस दिन यदि श्रद्धालु रुद्राक्ष की माला से 108 बार इस मंत्र का जाप करते हैं, तो उन्हें शिव कृपा प्राप्त होती है. भगवान शिव अपने भक्तों को आशीर्वाद देकर उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं. इसलिए इस महाशिवरात्रि पर ‘ओम नमः शिवाय’ मंत्र का जाप कर शिव कृपा प्राप्त करें.


ये भी पढ़ें: “ॐ नमो नीलकण्ठाय ॐ पार्वतीपतये नमः ॐ पशुपतये नम:” जाने पूजा विधि सही मंत्र और महादेव को प्रसन्न करने के सभी तरीके


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read