Chhath Puja 2026 Rituals Prasad Thekua Importance: लोक आस्था का महापर्व छठ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, आत्मसंयम और कठोर पवित्रता का जीवंत उदाहरण है. इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी भव्य देवालय या मूर्ति की बजाय नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे खड़े होकर प्रत्यक्ष देवता भगवान भास्कर और षष्ठी मैया की आराधना की जाती है. महिलाएं अपनी संतान की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए यह कठिन व्रत रखती हैं.
चार दिनों तक ऐसे चलता है छठ महापर्व का अनुष्ठान
- पहला दिन: नहाय-खाय (13 नवंबर): व्रती सुबह पवित्र स्नान कर घर और रसोई की विशेष सफाई करती हैं. इसके बाद शुद्ध सात्विक भोजन के रूप में अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेती हैं.
- दूसरा दिन: खरना (14 नवंबर): व्रती दिनभर उपवास रखती हैं. संध्या पूजन के बाद मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर और रोटी बनाई जाती है. इसे ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास प्रारंभ हो जाता है, जिसमें अन्न और जल की एक बूंद भी ग्रहण नहीं की जाती.
- तीसरा दिन: संध्या अर्घ्य (15 नवंबर): बांस के सूप और दउरा में समस्त पूजन सामग्री सजाकर परिवार सहित घाट पर पहुंचा जाता है. कमर भर जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य दिया जाता है.
- चौथा दिन: उषा अर्घ्य (16 नवंबर): सूर्योदय से पूर्व घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. छठी मैया की पूजा और पारंपरिक लोकगीतों के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के व्रत का पारण करती हैं.
सर्वोच्च पवित्रता: चिड़िया भी न छू पाए प्रसाद का अनाज
छठ पूजा में शुद्धता का ऐसा अनुशासन देखने को मिलता है जो अन्यत्र दुर्लभ है. प्रसाद के लिए इस्तेमाल होने वाले गेहूं को धोने के बाद धूप में सुखाते समय घर के सदस्य बारी-बारी से पहरा देते हैं, ताकि कोई पक्षी भी उसे जूठा न कर दे. जिस आटा चक्की में प्रसाद का गेहूं पीसा जाता है, उसे पहले पूरी तरह धोकर साफ किया जाता है और पर्व के दौरान वहां केवल छठ का अनाज ही पीसा जाता है.
बांस के सूप में सजने वाले 5 प्रमुख पारंपरिक प्रसाद

- ठेकुआ: गेहूं के आटे, गुड़ और शुद्ध घी से निर्मित यह सबसे मुख्य और पौष्टिक प्रसाद है.
- केला: भगवान विष्णु को प्रिय केला अर्पित करने से सूर्यदेव और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त होता है.
- डाभ नींबू (बड़ा नींबू): यह खट्टा-मीठा फल छठी मैया को अत्यंत प्रिय, पवित्र और शुभ माना जाता है.
- नारियल: श्रीफल को शुद्धता, पूर्णता और समृद्धि का प्रतीक मानकर सूप में रखा जाता है.
- ईख (गन्ना): गन्ना घर में मिठास, समृद्धि और वंश वृद्धि का सूचक माना जाता है.
यह भी पढ़ें: Chhath Puja 2026: कल है ‘नहाय-खाय’, जानिए चार दिनों के इस कठिन व्रत की पूरी पूजन विधि और नियम
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


