गुरुग्राम में अंतरराष्ट्रीय धार्मिक आयोजन होगा
युवा पीढ़ी को भारतीय धर्म, समृद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से आधुनिक अंदाज में जोड़ने के उद्देश्य से गुरुग्राम स्थित ‘विश्व शांति केंद्र’ (World Peace Centre) में एक अनूठे आध्यात्मिक व संगीतमय कार्यक्रम ‘भजन क्लबिंग’ (Bhajan Clubbing) का आयोजन किया जा रहा है. शनिवार, 21 नवंबर 2026 को सायं 7 बजे से आयोजित होने वाला यह भव्य कार्यक्रम ‘अहिंसा विश्व भारती’ एवं ‘सनातन संवाद’ के संयुक्त तत्वावधान में तथा विश्व शांति दूत जैन आचार्य डॉ. लोकेश मुनि के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा. कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव करेंगी.
लंदन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में केंद्रीय मंत्री शेखावत और आचार्य लोकेश ने लॉन्च किया पोस्टर
इस वैश्विक आध्यात्मिक पहल के प्रति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खासा उत्साह देखा गया. इससे पूर्व, ब्रिटेन की संसद के ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ (House of Lords) में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और जैन आचार्य लोकेश मुनि ने गणमान्य प्रवासी भारतीयों व ब्रिटिश सांसदों की उपस्थिति में ‘भजन क्लबिंग’ का आधिकारिक पोस्टर लॉन्च किया. विश्व शांति केंद्र के संस्थापक आचार्य लोकेश मुनि ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय संस्कृति, धर्म और अध्यात्म के शाश्वत मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए समयानुकूल और रचनात्मक माध्यम अपनाना समय की मांग है. ‘भजन क्लबिंग’ इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है, जहां युवा आधुनिक संगीत, एकता और भक्ति के माध्यम से अपनी आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ सकेंगे.
देश-विदेश के संतों का सान्निध्य और ‘कृष्णा संसार बैंड’ की विशेष प्रस्तुति
इस आध्यात्मिक संध्या में कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव के साथ-साथ संत तिलोचन दास जी, प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य जी महाराज, युवाचार्य अभय दास जी महाराज तथा लंदन से गुरु राजराजेश्वर जी सहित देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित धर्माचार्य अपनी गरिमामयी उपस्थिति और आशीर्वचनों से श्रद्धालुओं एवं युवाओं को प्रेरित करेंगे. कार्यक्रम का मुख्य संगीतमय आकर्षण प्रसिद्ध ‘कृष्णा संसार बैंड’ (Krishna Sansaar Band) होगा, जो अपनी विशेष समकालीन संगीतमय शैली में सुमधुर भजनों और कीर्तन की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराएगा.

कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन?
आयोजक संस्थाओं ‘अहिंसा विश्व भारती’ और ‘सनातन संवाद’ ने सभी धर्मप्रेमियों, युवाओं और संगीत प्रेमियों से इस अनूठी भक्ति संध्या में शामिल होने की अपील की है. इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन www.ahimsavishwabharti.org, www.sanatansamvad.org या फिर ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow से करा सकते हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



