Mukesh Ambani in Uttarakhand: देश के सबसे अमीर और प्रसिद्ध उद्योगपति, रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के चेयरमैन मुकेश अंबानी सोमवार की सुबह देवभूमि उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध हिमालयी धामों— भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ के दर्शन करने पहुंचे. मुकेश अंबानी ने दोनों पावन धामों के गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि, आर्थिक उन्नति और खुशहाली की कामना की.
अपनी इस पावन यात्रा के दौरान उद्योगपति मुकेश अंबानी ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) को कुल 10 करोड़ रुपये का भारी दान स्वरूप भेंट किया, जिसकी चर्चा इस समय पूरे देश में हो रही है.
प्रातःकाल किए भगवान बदरीविशाल के दर्शन
बीकेटीसी (BKTC) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी आज सोमवार की सुबह सबसे पहले श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे. बदरीनाथ पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों और तीर्थ पुरोहितों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
मुकेश अंबानी ने मुख्य मंदिर में जाकर भगवान बदरीनाथ के अलौकिक दर्शन किए और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा संपन्न की. दर्शन के उपरांत मंदिर समिति ने मुकेश अंबानी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और भगवान का पावन प्रसाद व तुलसी माला भेंट की.
बदरीनाथ और केदारनाथ के लिए थमाए 10 करोड़
हिमालयी धामों के दर्शन के दौरान मुकेश अंबानी ने अपनी अगाध श्रद्धा प्रकट करते हुए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को कुल 10 करोड़ रुपये की दान राशि के दो अलग-अलग चेक सौंपे. इसमें से उन्होंने बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये का चेक दिया, जबकि भगवान केदारनाथ धाम के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया. इस दान राशि का उपयोग दोनों ही धामों में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा.
अंबानी परिवार की है अटूट आस्था
मुकेश अंबानी द्वारा किए गए इस महा-दान पर अपना संदेश जारी करते हुए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंबानी परिवार की भगवान श्री बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ के प्रति अपार और अटूट आस्था है.
हर वर्ष की भांति इस साल भी उन्होंने बीकेटीसी को 10 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि दान स्वरूप दी है. मंदिर समिति के अध्यक्ष ने इस पुनीत कार्य और सहयोग के लिए उद्योगपति मुकेश अंबानी का दिल से आभार जताया है. ज्ञात हो कि मुकेश अंबानी हर साल कपाट खुलने के बाद दोनों धामों का आशीर्वाद लेने उत्तराखंड जरूर आते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





