Argentina vs Egypt
Argentina vs Egypt: अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के राउंड ऑफ 16 में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. अटलांटा में खेले गए इस बेहद रोमांचक मुकाबले में टीम ने दो गोल से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए इजिप्ट को 3-2 से हरा दिया. इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि मिस्र का शानदार सफर यहीं समाप्त हो गया.
शुरुआत में इजिप्ट ने चौंकाया
मैच की शुरुआत से ही मिस्र ने आक्रामक खेल दिखाया और अर्जेंटीना की मजबूत रक्षा पंक्ति पर लगातार दबाव बनाया. इसका फायदा उन्हें 15वें मिनट में मिला, जब यासर इब्राहिम ने हेडर के जरिए गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. इस गोल के बाद अर्जेंटीना ने बराबरी की कोशिशें जरूर कीं, लेकिन इजिप्ट के गोलकीपर मुस्तफा शोबीर बेहतरीन फॉर्म में नजर आए.
पहले हाफ में अर्जेंटीना को कई मौके मिले, लेकिन शोबीर ने एक के बाद एक शानदार बचाव किए. उन्होंने लियोनेल मेसी की पेनाल्टी रोककर मिस्र की बढ़त बरकरार रखी. इसके अलावा एलेक्सिस मैक एलिस्टर और जूलियन अल्वारेज के प्रयासों को भी उन्होंने नाकाम कर दिया.
दूसरे हाफ में बढ़ा दबाव
दूसरे हाफ की शुरुआत भी मिस्र के आत्मविश्वास के साथ हुई. एक समय ऐसा लगा कि टीम ने दूसरा गोल भी कर लिया है, लेकिन गोल बनने से ठीक पहले हुए फाउल के कारण रेफरी ने उसे रद्द कर दिया. हालांकि इससे मिस्र का हौसला नहीं टूटा.
62वें मिनट में तेज काउंटर अटैक के दौरान मोहम्मद सालाह और हैसम हसन की बेहतरीन साझेदारी के बाद मुस्तफा जिको ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया. इस गोल के बाद ऐसा लगने लगा कि मौजूदा चैंपियन का सफर समय से पहले खत्म हो सकता है.
फिर सामने आया मेसी का जादू
दो गोल से पीछे होने के बावजूद अर्जेंटीना ने हार नहीं मानी. टीम लगातार आक्रमण करती रही और आखिरकार उसका दबाव रंग लाया. 79वें मिनट में लियोनेल मेसी (Lionel Messi) ने शानदार मूव तैयार किया, जिसका फायदा उठाते हुए क्रिस्टियन रोमेरो ने गोल कर अंतर 2-1 कर दिया.
इस गोल के बाद अर्जेंटीना का आत्मविश्वास पूरी तरह लौट आया. सिर्फ चार मिनट बाद 83वें मिनट में लुटारो मार्टिनेज की लंबी गेंद मेसी तक पहुंची. अर्जेंटीना के कप्तान ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए शानदार फिनिश किया. गेंद गोलकीपर के हाथों को छूती हुई क्रॉसबार से टकराकर जाल में चली गई और स्कोर 2-2 हो गया. स्टेडियम में मौजूद हजारों अर्जेंटीनी समर्थक खुशी से झूम उठे.
स्टॉपेज टाइम में आया जीत का गोल
जब मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था, तभी स्टॉपेज टाइम के तीसरे मिनट में एंजो फर्नांडीज ने शानदार गोल दागकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उनके इस गोल ने अर्जेंटीना को 3-2 की बढ़त दिलाई, जिसे टीम ने अंतिम सीटी तक कायम रखा.
ये भी पढ़ें: कांटे की टक्कर में बाजी मार गया स्पेन! एक्स्ट्रा टाइम के गोल ने पुर्तगाल को टूर्नामेंट से किया बाहर
यादगार बनी अर्जेंटीना की वापसी
यह मुकाबला सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि अर्जेंटीना के जज्बे और धैर्य की मिसाल बन गया. मिस्र ने पूरे मैच में कड़ी टक्कर दी और लंबे समय तक जीत की ओर बढ़ता नजर आया, लेकिन मेसी के अनुभव, रोमेरो की सटीक फिनिश और एंजो फर्नांडीज के निर्णायक गोल ने मैच का पूरा समीकरण बदल दिया. अब अर्जेंटीना पूरे आत्मविश्वास के साथ क्वार्टर फाइनल में उतरेगा, जबकि मिस्र को बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद हार का सामना करना पड़ा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


