Bharat Express DD Free Dish

भारत की जीत जारी है..! पथुम का शतक नहीं आया श्रीलंका के काम; सुपर ओवर हिंदुस्तान ने दी मात

Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 में शुक्रवार को भारत और श्रीलंका की कड़ी टक्कर (India vs Sri Lanka) देखने को मिली. मैच टाइ होने के बाद सुपर ओवर में पहुंच गया. यहां टीम इंडिया ने लंका को धूल चंटा दी.

Asia Cup 2025 India vs Sri Lanka highlights

भारत श्रीलंका सुपर ओवर मैच

Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 का रोमांच अपने चरम पर है! दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 26 सितंबर (शुक्रवार) को हुए मुकाबले में भारत और श्रीलंका की टक्कर (India vs Sri Lanka) ने क्रिकेट प्रेमियों की साँसें रोक दीं. यह मैच किसी रोलर-कोस्टर राइड से कम नहीं था, जहाँ अंत में टीम इंडिया ने सुपर ओवर के ज़रिए श्रीलंका को धूल चटाई और फाइनल (Asia Cup Final September 28) में अजेय बनकर प्रवेश किया.

मैच का रोमांच: 202 पर हुआ टाई

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा (61 रन), तिलक वर्मा (नाबाद 49 रन) और संजू सैमसन (39 रन) की तूफानी पारियों की बदौलत श्रीलंका के सामने 203 रनों का विशाल लक्ष्य रखा. भारतीय पारी में अभिषेक शर्मा का जलवा दिखा, जिन्होंने मौजूदा एशिया कप में अपना लगातार तीसरा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाया.

जवाब में, लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत भले ही खराब रही, लेकिन पथुम निसंका ने मोर्चा संभाल लिया. निसंका ने 58 गेंदों पर 7 चौके और 6 छक्कों की मदद से 107 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 12 रन चाहिए थे. हालांकि, कप्तान दासुन शनाका आखिरी गेंद पर 3 रन नहीं बना पाए और श्रीलंका भी 20 ओवर में 5 विकेट पर 202 रन ही बना सकी, जिसके कारण मैच टाई हो गया और फैसला सुपर ओवर से हुआ.

ये भी पढ़ें: एशिया कप फाइनल से पहले बैकफुट पर पाकिस्तान, हार के डर से किया इस टूर्नामेंट का बॉयकॉट

सुपर ओवर का महासंग्राम

श्रीलंका की पारी: भारत के लिए अर्शदीप सिंह गेंदबाज़ी करने आए. हैरानी की बात यह रही कि शतकवीर निसंका को सुपर ओवर में नहीं भेजा गया. श्रीलंका ने कुसल परेरा और दासुन शनाका को उतारा, लेकिन अर्शदीप ने अपनी धारदार गेंदबाज़ी से दोनों को सस्ते में आउट कर दिया. श्रीलंका की टीम पूरे ओवर में महज़ 2 रन ही बना पाई, यानी भारत को जीत के लिए सिर्फ 3 रनों की दरकार थी.

भारत का विनिंग शॉट: भारत के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल उतरे. श्रीलंकाई कप्तान ने गेंद वानिंदु हसारंगा को सौंपी, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने उनकी पहली ही गेंद पर तीन रन लेकर मैच को जीत लिया. इस जीत के साथ ही भारत 2025 एशिया कप में अजेय रहा.

ये भी पढ़ें: साहिबजादा पर चला ICC का हंटर, भारत को ‘गन सिंबल’ दिखाना पड़ा महंगा

दोनों टीमों में हुए बदलाव

इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर शिवम दुबे को आराम दिया गया, और उनकी जगह अर्शदीप सिंह व हर्षित राणा को मौका मिला. श्रीलंका ने भी चमिका करुणारत्ने की जगह जनिथ लियानागे को शामिल किया.

इस जीत के साथ ही भारतीय टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां उसका सामना रविवार, 28 सितंबर को पाकिस्तान (Asia Cup 2025 Final) से होगा. वहीं, श्रीलंकाई टीम का खिताब जीतने का सपना टूट गया. टी20 इंटरनेशनल में श्रीलंका के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार है, जहाँ 32 मुकाबलों में भारत ने 23 में जीत दर्ज की है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read