Bharat Express DD Free Dish

Asian Games 2026 के लिए भारतीय बैडमिंटन टीम घोषित, पीवी सिंधु संभालेंगी कमान; सात्विक-चिराग मचाएंगे धमाल!

Asian Games 2026 India Badminton Team: एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय बैडमिंटन टीम का ऐलान हो गया है. पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भारत की पदक उम्मीदों की अगुआई करेंगे.

Asian Games 2026 India Badminton Team

Asian Games 2026 India Badminton Team

Asian Games 2026 India Badminton Team: एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय बैडमिंटन टीम का ऐलान कर दिया गया है. जापान में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत की नजरें एक बार फिर पदकों पर रहेंगी. अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं से सजी टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.

भारतीय बैडमिंटन संघ (BAI) की चयन समिति ने हालिया राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ 26 मई 2026 तक की बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग को आधार बनाकर टीम का चयन किया है. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु महिला वर्ग में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगी, जबकि पुरुष युगल में मौजूदा एशियाई खेल चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी टीम के प्रमुख चेहरे होंगे. इसके अलावा स्टार शटलर लक्ष्य सेन और उभरते खिलाड़ी आयुष शेट्टी को भी टीम में जगह मिली है.

भारतीय बैडमिंटन टीम

एशियन गेम्स 2026 में टीम इवेंट के लिए भारतीय पुरुष टीम में लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, एचएस प्रणय, किदांबी श्रीकांत, तरुण मन्नेपल्ली, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी, हरिहरन अमसाकरुणन, एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला शामिल हैं. महिला टीम में पीवी सिंधू, उन्नति हुड्डा, देविका सिहाग, तन्वी शर्मा, ईशारानी बरुआ, त्रिषा जॉली, गायत्री गोपीचंद पुलेला, कविप्रिया सेल्वम, सिमरन सिंघी और तनिषा क्रैस्टो को मौका मिला है.

वहीं व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पुरुष एकल में लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. महिला एकल में पीवी सिंधू और उन्नति हुड्डा चुनौती पेश करेंगी. पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी और हरिहरन अमसाकरुणन-एमआर अर्जुन की जोड़ियां उतरेंगी. महिला युगल में त्रिषा जॉली-गायत्री तथा कविप्रिया सेल्वम-सिमरन सिंघी पर जिम्मेदारी होगी. मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की जोड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेगी.

अनुभव और युवा जोश का संघम- महासचिव

भारतीय बैडमिंटन संघ (BAI) के महासचिव संजय मिश्रा ने टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि भारतीय बैडमिंटन अब केवल कुछ खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं है, बल्कि हर वर्ग में मजबूत और प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी फिर से शानदार लय में हैं, जबकि लक्ष्य सेन दुनिया के शीर्ष-10 खिलाड़ियों में वापसी कर चुके हैं. इसके अलावा सीनियर खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और युवा शटलर भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी छाप छोड़ रहे हैं.


ये भी पढ़ें: India vs Afghanistan: भारत की शानदार जीत, कप्तान गिल ने रचा इतिहास; इस धुरंधर का तोड़ा रिकॉर्ड


मिश्रा के मुताबिक, एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टीम में अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन संतुलन है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करेंगे और देश को गौरवान्वित करेंगे. हालांकि कि एशियाई खेलों के इतिहास में भारत अब तक बैडमिंटन में 13 पदक जीत चुका है, जिसमें पिछले संस्करण का ऐतिहासिक स्वर्ण पदक भी शामिल है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read