Bharat Express DD Free Dish

अब पाकिस्तान की बारी…! भारत ने श्रीलंका को 124 रनों से दी मात

Asian Games 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली. इशान किशन ने 80 रन की पारी खेली, जबकि श्रीलंका 45 रन पर ऑलआउट हो गया.

Asian Games 2026 IND vs SL

सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली

IND vs SL Asian Games: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है. कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रनों के बड़े अंतर से हराया. भारत से मिले 170 रन के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंकाई टीम सिर्फ 45 रन पर सिमट गई. अब फाइनल में 3 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे.

ईशान किशन ने संभाली भारतीय पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. अभिषेक शर्मा 7 रन बनाकर आउट हुए, जबकि संजू सैमसन भी 7 रन ही बना सके. कप्तान श्रेयस अय्यर की पारी भी 13 रन पर खत्म हो गई.

इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने तेजी से रन जुटाए. उन्होंने 21 गेंदों में 38 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. हालांकि, दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे. ऐसे मुश्किल समय में ईशान किशन ने पारी को संभाल लिया. उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और आखिर तक नाबाद रहे. ईशान ने 46 गेंदों पर 80 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए. अक्षर पटेल 8 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा और शिवम दुबे क्रमशः 2 और 3 रन ही बना सके.

45 रन पर ढेर हुई श्रीलंकाई टीम

170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही. उसके शुरुआती तीन बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. नुवानिदु फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 15 रन बनाए, जबकि कप्तान सहान अराचिगे के बल्ले से 9 रन निकले.


ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा के शतक का जश्न क्यों इतना खास? जडेजा ने पूछा राज, हिटमैन ने दिया मजेदार जवाब


भारत की गेंदबाजी के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज लगातार दबाव में नजर आए. टीम के छह बल्लेबाज अपना खाता तक नहीं खोल सके और पूरी पारी 9.5 ओवर में 45 रन पर खत्म हो गई. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट लिए. वॉशिंगटन सुंदर को भी एक सफलता मिली.

अब भारतीय टीम की नजर खिताब पर है. फाइनल में उसका सामना पाकिस्तान से होगा, जबकि श्रीलंका की टीम ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में बांग्लादेश से भिड़ेगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read