Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट मैच में भारत को दी 10 विकेट से पटखनी, हेड बने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को BGT के दूसरे टेस्ट मैच में 10 विकेट से हराकर श्रृंखला को 1-1 से बराबर कर दिया है. कंगारूओं को जीत के लिए केवल 19 रनों का टारगेट दिया था जिसको मेजबान टीम ने बगैर विकेट खोए हासिल कर लिया. 

Ind Vs Aus

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को बॉर्डर गावस्कर सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में 10 विकेट से हराकर श्रृंखला को 1-1 से बराबर कर दिया है. भारत ने दूसरी पारी में 175 रनों पर आउट होकर कंगारूओं को जीत के लिए केवल 19 रनों का टारगेट दिया था जिसको मेजबान टीम ने बगैर विकेट खोए हासिल कर लिया.

भारत ने इस डे-नाइट टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपनी पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 128 रन बना लिए थे. चौथे दिन भारत की शुरुआत खराब रही और 7 रन बनाकर खेल रहे रविचंद्रन अश्विन को कप्तान पैट कमिंस ने एलेक्स कैरी के हाथों कैच आउट कराया. इसके बाद भारत को अगला झटका हर्षित राणा के तौर पर लगा जिनको कमिंस ने ख्वाजा के हाथों कैच आउट कराया. हर्षित ने 12 गेंदों का सामना किया और वह अपना खाता भी नहीं खोल सके.

नीतीश रेड्डी ने के अलावा सबका फ्लाप शो

इसके बाद नीतीश रेड्डी, जो दूसरे छोर पर कुछ अच्छे शॉट लगाकर खेल रहे थे, उनका विकेट भी गिर गया. पैट कमिंस ने नाथन मैकस्वीनी के हाथों कैच आउट कराकर उनकी 42 रनों की आक्रामक पारी का अंत किया. नए खिलाड़ी नीतीश रेड्डी ने अपनी पारी में 47 गेंद पर छह चौके और एक छक्का लगाया. इसके बाद आस्ट्रेलिया ने मोहम्मद सिराज को 7 रनों के स्कोर पर आउट कर भारत की पारी को 175 रनों पर समेट दिया. मोहम्मद सिराज ने आठ गेंदों का सामना किया और सात रन बनाए.

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी में कप्तान कमिंस ने 14 ओवर में 57 रन देकर 5 विकेट लिए. स्कॉट बोलैंड ने 8.5 ओवर में 51 रन देकर 3 विकेट लिए और पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले मिशेल स्टार्क को 14 ओवर में 60 रन देकर 2 विकेट हासिल हुए.

3.2 ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने हासिल किया लक्ष्य

इस तरह से भारत की दूसरी पारी 36.5 ओवर में 175 रनों पर आउट हो गई. ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए मैच 19 रनों का लक्ष्य मिला था. इस टारगेट को कंगारूओं ने बिना किसी विकेट के केवल 3.2 ओवर में हासिल कर लिया. नाथन मैकस्वीनी ने 12 गेंदों पर नाबाद 10 और उस्मान ख्वाजा ने 8 गेंद पर 9 रनों का योगदान दिया.

सीरीज हुई 1-1 से बराबर

ऑस्ट्रेलिया की शानदार वापसी के साथ यह सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है. भारत ने इस सीरीज का पहला मुकाबला पर्थ में 295 रनों से जीता था. इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया का अपनी धरती पर डे नाइट टेस्ट मैच में अजेय रहने का रिकॉर्ड जारी है. यह पांच मैचों की सीरीज है जिसका तीसरा टेस्ट मैच 14 दिसंबर को ब्रिस्बेन के गाबा में खेला जाएगा.

मौजूदा डे-नाइट टेस्ट मैच में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो ट्रेविस हेड की पारी निर्णायक साबित हुई जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 141 गेंद पर 140 रन बनाए थे. हेड को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया है. इसके अलावा मार्नस लाबुशेन ने भी 126 गेंदों पर 64 रनों का योगदान दिया था.

बुमराह और सिराज ने झटके 4-4 विकेट

भारत के लिए पहली पारी में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज ने चार-चार विकेट लिए थे. इससे पहले भारत की पहली पारी केवल 180 रनों पर आउट हो गई थी. भारत की किसी भी पारी में किसी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया और नीतीश रेड्डी ही सर्वोच्च स्कोरर बने थे. उन्होंने पहली पारी में भी 54 गेंद पर 42 रन बनाए थे.

भारत को पहली पारी में मिशेल स्टार्क ने जबरदस्त झटके दिए थे, जिन्होंने 14.1 ओवर में 48 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे. इसके अलावा कमिंस और बोलेंड को भी दो-दो विकेट मिले थे. भारत के लिए अपने सीनियर खिलाड़ियों की फॉर्म चिंता का विषय है. इस बार रोहित शर्मा की टीम में वापसी हुई लेकिन उन्होंने दोनों ही पारियों में रन नहीं बनाए. सीरीज के पहले टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले विराट कोहली का बल्ला भी इस बार दोनों पारियों में खामोश रहा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital