Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा फेरबदल, गिल-बुमराह टॉप ग्रेड में, विराट-रोहित का डिमोशन

BCCI Central Contract List 2025-26: बीसीसीआई ने 2025-26 के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी की है, जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा का डिमोशन हुआ है और सिर्फ 3 खिलाड़ी ग्रेड A में हैं.

BCCI Central Contract List 2025-26

BCCI Central Contract List 2025-26: बीसीसीआई ने 2025-26 सत्र के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी कर दी है. इस बार बोर्ड ने न सिर्फ खिलाड़ियों की कैटेगरी में बदलाव किया है, बल्कि ग्रेड सिस्टम को भी नया रूप दिया है. सबसे बड़ा बदलाव यह है कि ए+ ग्रेड को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है और अब ग्रेड A ही सबसे ऊंची कैटेगरी बन गई है. यह नया कॉन्ट्रैक्ट 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा.

मेंस टीम की ग्रेड A में कौन-कौन?

मेंस टीम की बात करें तो इस बार सिर्फ तीन खिलाड़ियों को ग्रेड A में जगह दी गई है. इनमें भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल के अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा शामिल हैं. बीसीसीआई ने इन तीनों खिलाड़ियों को एलीट कैटेगरी में रखकर उन पर अपना भरोसा जताया है.

रोहित और विराट का डिमोशन

वहीं, अनुभवी खिलाड़ियों रोहित शर्मा और विराट कोहली का इस बार डिमोशन हुआ है. दोनों दिग्गजों को ग्रेड B में रखा गया है, जिसे लेकर क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई है. ग्रेड B में रोहित और विराट के अलावा सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद सिराज, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर और वॉशिंगटन सुंदर जैसे बड़े नाम शामिल हैं.

ग्रेड C में युवा खिलाड़ियों को जगह

ग्रेड C में अपेक्षाकृत युवा और उभरते खिलाड़ियों को जगह दी गई है. इस सूची में अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, वरुण चक्रवर्ती, ऋतुराज गायकवाड़ और साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें भविष्य की टीम का मजबूत आधार माना जा रहा है.

महिला खिलाड़ियों की ग्रेड सूची

महिला क्रिकेट की बात करें तो बीसीसीआई ने कप्तान हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स को ग्रेड A में रखा है. इन तीनों खिलाड़ियों ने बीते कुछ वर्षों में भारतीय महिला टीम की रीढ़ के रूप में अहम भूमिका निभाई है.

ग्रेड B में दीप्ति शर्मा, रेणुका ठाकुर, शैफाली वर्मा और ऋचा घोष जैसी खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि ग्रेड C में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है. महिला टीम के लिए कुल 21 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है.


ये भी पढ़ें: ICC का पाकिस्तान को करारा जवाब! भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज की मांग ठुकराई; बांग्लादेश को दंड नहीं, मिल सकती है अंडर-19 वर्ल्ड कप की मेजबानी


सैलरी स्ट्रक्चर क्या है?

पहले ए+ ग्रेड के खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये, ए ग्रेड को 5 करोड़, बी ग्रेड को 3 करोड़ और सी ग्रेड को 1 करोड़ रुपये मिलते थे. हालांकि ए+ ग्रेड हटाए जाने के बाद बीसीसीआई ने नए सैलरी स्ट्रक्चर को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism