BCCI का ऐतिहासिक फैसला
BCCI Hikes Women Cricketers Match Fee: विश्व कप जीतने के बाद अब भारत में महिला क्रिकेट को लेकर लोगों का रुझान लगातार बदल रहा है. इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला क्रिकेटर्स को न्यू ईयर से पहले एक शानदार तोहफा दिया है. बोर्ड ने घरेलू क्रिकेट में महिला खिलाड़ियों की मैच फीस को बढ़ाने का ऐतिहासिक फैसला लिया है. 22 दिसंबर को हुई मीटिंग में लिए गए इस फैसले के बाद अब घरेलू क्रिकेट में महिला और पुरुष खिलाड़ियों को ‘एक समान’ मैच फीस मिलेगी.
अब एक मैच के मिलेंगे 50 हजार रुपए
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, नई दरों के अनुसार अब सीनियर महिला खिलाड़ियों को फर्स्ट क्लास और वनडे मैच (प्लेइंग-11) के लिए 50,000 रुपए मिलेंगे. वहीं, बेंच पर बैठने वाली (रिजर्व) खिलाड़ियों को 25,000 रुपए दिए जाएंगे.
वहीं अगल टी-20 फॉर्मेट की बात करें तो प्लेइंग-11 का हिस्सा रहने पर 25,000 रुपए और बेंच पर रहने पर 12,500 रुपए मिलेंगे. बोर्ड के इस फैसले के बाद महिला खिलाड़ियों का आर्थिक स्थिती ठीक होने के साथ ही उनका उत्साह भी बढ़ेगा.
ढाई गुना तक बढ़ी कमाई
इस फैसले से पहले महिला खिलाड़ियों को वनडे और फर्स्ट क्लास में प्लेइंग-11 के लिए सिर्फ 20 हजार और बेंच के लिए 10 हजार रुपए मिलते थे. इस बढ़ोतरी का असर यह होगा कि जहां पहले एक खिलाड़ी पूरे घरेलू सीजन में लगभग 2 लाख रुपए कमा पाती थी, अब वह 5 से 7 लाख रुपए तक की कमाई कर सकेगी. अब मात्र 4 वनडे मैच खेलने पर ही खिलाड़ी 2 लाख रुपए मिल जाएंगे.
अंपायर्स की भी बल्ले-बल्ले
BCCI ने सिर्फ सीनियर ही नहीं, बल्कि जूनियर खिलाड़ियों और अंपायर्स का भी ध्यान रखा है. अब जूनियर प्लेयर्स को वनडे/फर्स्ट क्लास में खेलने पर 25,000 रुपए और टी-20 में 12,500 रुपए मिलेंगे. वहीं टी-20 मैचों के लिए प्लेइंग-11 की खिलाड़ियों के को 12,500 और एक्स्ट्रा प्लेयर्स को 6,250 रुपए मिलेंगे.
वहीं अंपायर्स को अब लीग स्टेज में एक दिन की अंपायरिंग के लिए 40,000 रुपए मिलेंगे, जो नॉकआउट मैचों में बढ़कर 50 से 60 हजार रुपए हो जाएंगे.
खेल पर नजर आएगा असर
BCCI का यह कदम महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है. जानकार कहते हैं कि इसका असर साफ तौर पर उनके खेल पर नजर आने वाला है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
