Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

सांसद प्रिया सरोज संग अगले माह सात फेरे लेंगे क्रिकेटर रिंकू सिंह: परिवार संग PM मोदी को दिया शादी का न्योता, गुलदस्ता भेंट कर लिया आशीर्वाद

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर उन्हें शादी का निमंत्रण दिया. रिंकू 4 दिसंबर को सपा सांसद प्रिया सरोज से शादी करेंगे.

cricketer-rinku-singh-meets-pm-narendra-modi-with-family-invites-for-wedding-with-mp-priya-saroj
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह आगामी 4 दिसंबर को समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं. इस भव्य विवाह समारोह से पहले रिंकू सिंह ने रविवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें शादी का निमंत्रण पत्र सौंपा और उनका आशीर्वाद लिया.

मां, भाई और बहन संग पहुंचे रिंकू, पीएम मोदी ने जाना परिवार का हालचाल

मुलाकात के दौरान रिंकू सिंह के साथ उनकी मां बीना देवी, भाई सोनू सिंह और बहन नेहा सिंह मौजूद रहीं. परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी को गुलदस्ता और निमंत्रण पत्र भेंट कर विवाह समारोह में शामिल होने का आग्रह किया. इस आत्मीय मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने रिंकू सिंह की मां का कुशलक्षेम पूछा और परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी ली.

रिंकू सिंह ने इस खास मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, “अपने परिवार के साथ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर, उन्हें अपनी शादी में आमंत्रित कर और उनका आशीर्वाद पाकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं. यह हमारे लिए सचमुच एक बहुत ही खास पल है.”

सगाई के डेढ़ साल बाद हो रही शादी, CM योगी और दिग्गज क्रिकेटरों को भी निमंत्रण

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी रिंकू सिंह ने 8 जून 2025 को उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज के साथ सगाई की थी. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की व्यस्तताओं के चलते शादी की तारीख आगे बढ़ती रही और अब सगाई के करीब डेढ़ साल बाद दोनों परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं.

शादी की तैयारियां जोरों पर हैं और मेहमानों को आमंत्रित करने का सिलसिला जारी है. प्रधानमंत्री मोदी से पहले रिंकू सिंह ने परिवार सहित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी भेंट कर उन्हें विवाह का निमंत्रण दिया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हाई-प्रोफाइल शादी में देश की शीर्ष राजनीतिक हस्तियों के अलावा दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली, रोहित शर्मा, टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को भी आमंत्रित किया गया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026

Latest