CWG 2026 closing ceremony: ग्लासगो (स्कॉटलैंड) के ओवीओ हाइड्रो स्टेडियम में रविवार को कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) 2026 का 11 दिनों का रोमांच अपने चरम पर जाकर समाप्त हो गया. लेकिन यह समापन भारत के लिए एक नई और ऐतिहासिक शुरुआत लेकर आया है. क्लोजिंग सेरेमनी में भारत को आधिकारिक तौर पर सीडब्ल्यूजी 2030 (अहमदाबाद) की मेजबानी सौंप दी गई है. पूरा स्टेडियम भारतीय संस्कृति की झलक, मंत्रमुग्ध कर देने वाले संगीत और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा.
‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ पर झूमा स्टेडियम (Shankar Mahadevan CWG 2026 performance)
क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान जब भारत के 18 मिनट 27 सेकंड के सांस्कृतिक कार्यक्रम की बारी आई, तो माहौल पूरी तरह से बदल गया. मशहूर गायक शंकर महादेवन, ऋषभ शर्मा और भूमि त्रिवेदी ने अपनी दमदार परफॉर्मेंस से पूरे स्टेडियम को मंत्रमुग्ध कर दिया. ‘वंदे मातरम’, ‘शिव स्तोत्र’ और ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ जैसे गानों पर न सिर्फ भारतीय, बल्कि विदेशी दर्शक भी अपनी सीटों से उठकर झूमते और नाचते नज़र आए. ऋषभ शर्मा और स्कॉटिश कलाकार रॉस एन्सली की संगीत जुगलबंदी ने ग्लासगो से अहमदाबाद तक के इस बदलाव को खूबसूरती से पेश किया.
भारत को मिला झंडा (India hosts CWG 2030)
इस शानदार समारोह में सबसे बड़ा पल वह था जब कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा स्कॉटलैंड से प्रतीकात्मक रूप से भारत को सौंपा गया. गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा और आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने गर्व के साथ इस सीडब्ल्यूजी ध्वज को थामा. इसके अलावा, एथलीटों की पारंपरिक परेड में भारत की झंडाबरदार बनने का गौरव कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग चैंपियन जैस्मिन लैंबोरिया को मिला.
ये भी पढ़ें: CWG 2026 में भारत ने गाड़े झंडे, 31% रहा सक्सेस रेट; आंकड़ों में देखें 2022 के मुकाबले कितना बेहतर?
अहमदाबाद 2030 के लिए उल्टी गिनती शुरू (India host CWG 2030 Ahmedabad)
साल 2030 का आयोजन बेहद खास होने वाला है, क्योंकि यह कॉमनवेल्थ गेम्स की 100वीं वर्षगांठ (शताब्दी संस्करण) होगी. ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत इस महाकुंभ की दो बार मेजबानी करने वाला दुनिया का दूसरा देश बन जाएगा (इससे पहले 2010 में दिल्ली में आयोजन हुआ था). ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की थीम के साथ, अब पूरी दुनिया की नज़रें भारत पर हैं और अहमदाबाद 2030 के लिए उल्टी गिनती आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


