Hardik Pandya Arshdeep Singh Trade IPL 2027: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2027) के अगले सीजन से पहले एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा ट्रेड कंफर्म हो गया है. बुधवार (11 नवंबर 2026) को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की ओर से इस मेगा ट्रेड पर आधिकारिक मुहर लगा दी गई.
इस नए सौदे के तहत मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स (PBKS) की जर्सी में खेलते नजर आएंगे, जबकि टी20 इंटरनेशनल में भारत के स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा बन गए हैं.
18 करोड़ में पंजाब के हुए हार्दिक(Hardik pandya IPL trade)
इस हाई-प्रोफाइल ट्रेड में हार्दिक पांड्या को उनकी पुरानी फीस के मुकाबले ज्यादा रकम मिली है. पिछले सीजन यानी IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के साथ 16.35 करोड़ रुपये में जुड़े हार्दिक को पंजाब किंग्स ने 18 करोड़ रुपये की फीस देकर अपनी टीम में शामिल किया है. वहीं दूसरी ओर, स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपनी मौजूदा फीस यानी 18 करोड़ रुपये के साथ ही मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने हैं.
आईपीएल ने जारी की आधिकारिक रिलीज
आईपीएल द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज में कहा गया कि IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स में शामिल हो रहे हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज अर्शदीप सिंह पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस में आ गए हैं. इसके साथ ही हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल समाप्त हो गया है. मुंबई के साथ ही पांड्या ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में चार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थीं.
अर्शदीप सिंह बदलेंगे पहली बार जर्सी
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने साल 2019 में पंजाब किंग्स की ओर से अपना आईपीएल डेब्यू किया था. साल 2019 से लेकर 2026 तक वह लगातार पंजाब किंग्स का ही हिस्सा रहे. अब आईपीएल 2027 में अर्शदीप अपने करियर में पहली बार किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के लिए खेलते दिखेंगे और मुंबई इंडियंस की पेस अटैक की अगुवाई करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



