Bharat Express DD Free Dish

Ind-Eng Test Series: केएल राहुल ने टेस्ट में जड़ा 18वां अर्धशतक, चौथे दिन तक भारत के पास 122 रन की लीड

सलामी बल्लेबाज ने 87 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. यह उनके टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक रहा. केएल राहुल की यह पारी उस वक्त आई, जब मुकाबले के चौथे दिन टीम इंडिया को इसकी सख्त जरूरत थी.

केएल रहुल. (फाइल फोटो)

Ind-Eng Test Series: इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच की दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने अर्धशतक लगा दिया है. लीड्स टेस्ट की पहली पारी में भले ही केएल राहुल अर्धशतक चूक गए, लेकिन अगली पारी में उन्होंने यह कसर पूरी कर दी.

सलामी बल्लेबाज ने 87 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. यह उनके टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक रहा. केएल राहुल की यह पारी उस वक्त आई, जब मुकाबले के चौथे दिन टीम इंडिया को इसकी सख्त जरूरत थी.

टीम इंडिया दूसरी पारी में 29 ओवरों के खेल तक तीन विकेट गंवाकर 101 रन बना चुकी है. यशस्वी जायसवाल (4), साईं सुदर्शन (30) और कप्तान शुभमन गिल (8) पवेलियन लौट चुके हैं. फिलहाल केएल राहुल का साथ पहली पारी के शतकवीर ऋषभ पंत दे रहे हैं और मेहमान टीम के पास 122 रन की लीड है.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 471 रन बनाए. भारत को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के बीच पहले विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी हुई. हालांकि, केएल राहुल 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे. अगले ही ओवर में साईं सुदर्शन (0) भी चलते बने.

गिल-जयसवाल के बीच 129 रन की पार्टनरशिप

यहां से जायसवाल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 129 रन जुटाए. जायसवाल ने 159 गेंदों का सामना किया, जिसमें 17 बाउंड्री के साथ 101 रन बनाए. इसके बाद गिल ने ऋषभ पंत के साथ पांचवें विकेट के लिए 209 रन की साझेदारी की. गिल ने 227 गेंदों में 147 रन जड़े, जिसमें 20 बाउंड्री भी शामिल रहीं, जबकि पंत ने 134 रन टीम के खाते में जोड़े.

मेजबान टीम की ओर से बेन स्टोक्स और जोश टंग ने सबसे ज्यादा चार-चार विकेट अपने नाम किए.

इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 465 रन पर सिमट गई. इंग्लैंड के लिए ओली पोप इकलौते शतकवीर रहे, जिन्होंने 137 गेंदों में 106 रन की पारी खेली, जबकि हैरी ब्रूक (99) महज एक रन से शतक चूक गए. इनके अलावा बेन डकेट ने 62 रन टीम के खाते में जोड़े.

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक पांच विकेट चटकाए. उनके अलावा मोहम्मद सिराज ने दो और प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन विकेट अपने नाम किए.


ये भी पढ़ें: दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट ललित उपाध्याय का इंटरनेशनल हॉकी से संन्यास


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read