IND vs NED: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया अब अपना चौथा मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ बुधवार (18 फरवरी) को गुजरात में खेलेगी. भारतीय टी20 टीम ने अपने पहले तीन मैचों में अमेरिका (USA), नामीबिया (NAM) और पाकिस्तान (PAK) को हराकर ग्रुप A की पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल किया है. इसी के साथ टीम ने सुपर-8 के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है.
मैच से पहले नीदरलैंड की टीम ने प्रैक्टिस के दौरान एक खास मांग रखी. आमतौर पर विदेशी टीमें प्रैक्टिस के लिए नेट गेंदबाज बुलाती हैं, लेकिन इस बार नीदरलैंड ने नेट बल्लेबाज की मांग की. वह भी बाएं हाथ का बल्लेबाज.
अभिषेक-ईशान-रिंकू के लिए तैयार हो रहे हैं गेंदबाज
18 फरवरी को भारत और नीदरलैंड्स के बीच मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है. मैच से पहले नीदरलैंड टीम ने गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) से कहा कि उन्हें ऐसा बाएं हाथ का बल्लेबाज चाहिए जो उनके गेंदबाजों के सामने बल्लेबाजी कर सके.
इसकी वजह साफ थी. नीदरलैंड की टीम के टॉप ऑर्डर में कोई भी बाएं हाथ का बल्लेबाज नहीं है, जबकि भारतीय टीम में कई खतरनाक बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जैसे अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह और अक्षर पटेल. ऐसे में डच टीम अपने गेंदबाजों को इन खिलाड़ियों के खिलाफ बेहतर तैयारी कराना चाहती थी.
गुजरात के कप्तान ने की बल्लेबाजी
रिपोर्ट के अनुसार, जब नीदरलैंड टीम ने बाएं हाथ के नेट बल्लेबाज की मांग की, तो शुरुआत में थोड़ी परेशानी हुई. वजह यह थी कि गुजरात की रणजी टीम का सीजन पहले ही खत्म हो चुका था, इसलिए कम समय में उपयुक्त खिलाड़ी ढूंढना आसान नहीं था. आखिरकार गुजरात टीम के कप्तान मनन हिंगराजिया से संपर्क किया गया.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया लीग स्टेज से हुआ बाहर, बारिश ने जिम्बाब्वे को दिलाया सुपर-8 का टिकट
27 वर्षीय मनन उस समय गुजरात कॉलेज में अभ्यास कर रहे थे. उन्हें शुरुआत में समझ नहीं आया कि उन्हें अचानक स्टेडियम क्यों बुलाया जा रहा है. करीब आधे घंटे का सफर तय कर वे नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचे. वहां नीदरलैंड टीम के हेड कोच रयान कुक ने उनका स्वागत किया और तुरंत नेट पर बल्लेबाजी करने के लिए कहा. मनन को आक्रामक अंदाज में खेलने के लिए कहा गया. उन्होंने नई और पुरानी दोनों तरह की गेंदों का सामना किया और लगातार करीब दो घंटे तक बल्लेबाजी की. इस तरह नीदरलैंड टीम ने भारतीय बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ अपनी तैयारी मजबूत करने की कोशिश की.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

