IND vs NED: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 36वें मुकाबले में भारत और नीदरलैंड्स के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रोमांचक भिड़ंत हुई. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया. भारत की शुरुआत सधी हुई रही, लेकिन मध्यक्रम में शिवम दुबे ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए पारी को मजबूती दी.
दुबे ने सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 66 रन की शानदार पारी खेली. उनकी तेज बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने 18 ओवर तक 159/4 का स्कोर खड़ा कर दिया. निर्धारित 20 ओवर में भारतीय टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए और नीदरलैंड्स के सामने 194 रन का लक्ष्य रखा.
भारतीय बल्लेबाजी की हाइलाइट्स
भारत की ओर से ओपनिंग करने अभिषेक शर्मा और ईशान किशन उतरे, लेकिन शुरुआत निराशाजनक रही. अभिषेक एक बार फिर पहली ही ओवर में आर्यन दत्त की गेंद पर शून्य पर आउट हो गए. उन्होंने सिर्फ तीन गेंदों का सामना किया और यह उनके लिए इस वर्ल्ड कप में लगातार तीसरा डक रहा. ईशान किशन ने 18 रन बनाए, लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके और बोल्ड हो गए. उनके आउट होते ही टीम का स्कोर 39/2 हो गया.
इसके बाद तिलक वर्मा (31) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (34) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन रोएलोफ वैन डेर मर्व के शानदार कैच और काइल क्लेन की गेंद पर सूर्या के आउट होने से भारत 110/4 पर पहुंच गया.
अंतिम ओवरों में शिवम दुबे (66 रन, 31 गेंद) और हार्दिक पंड्या (30 रन, 21 गेंद) ने तेज बल्लेबाजी की, जिससे टीम 200 के करीब पहुंचती दिखी. हालांकि दोनों ही बल्लेबाज आखिरी ओवर में लोगन वान बीक का शिकार बने.
नीदरलैंड की गेंदबाजी
नीदरलैंड्स की ओर से गेंदबाजी में लोगन वान बीक सबसे सफल रहे, जिन्होंने तीन विकेट झटके. आर्यन दत्त ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, जबकि काइल क्लेन को एक सफलता मिली. अब नजरें नीदरलैंड्स की बल्लेबाजी पर हैं कि क्या वे इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को हासिल कर पाते हैं या नहीं.
ये भी पढ़ें: 3 मैच, 3 डक: भारत का विस्फोटक ओपनर क्यों खामोश? क्या हुआ अभिषेक को, जर्सी नंबर का गणित या ‘सूर्य’ का असर
टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में दो बदलाव
नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए गए. कुलदीप यादव की जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिला है. वहीं अक्षर पटेल को आराम दिया गया है और उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को टीम में शामिल किया गया है. सुंदर के लिए यह टी20 वर्ल्ड कप का डेब्यू मुकाबला भी है.
नीदरलैंड्स की प्लेइंग 11: माइकल लेविट, मैक्स ओ’डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), जैक लायन-कैशेट, लोगन वैन बीक, नोआ क्रोस, आर्यन दत्त, रोएलोफ वैन डेर मर्व, काइल क्लेन
भारत की प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


