IND Vs PAK Asia Cup 2025 Final: दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया है. भारत को जीत के लिए 147 रनों का लक्ष्य मिला था. इसी के साथ भारत ने एशिया कप की 9वीं ट्राफी अपने नाम कर ली है. इसके अलावा भारत पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच गंवाए बिना अजेय रहा.
भारत ने बहुत जल्दी ही अपने टॉप के तीनों बल्लेबाज- अभिषेक शर्मा, गिल और सूर्यकुमार यादव की विकेट गंवा दिया. मगर तिलक वर्मा ने सैमसन (24 रन) और शिवम दुबे (33 रन) के साथ पारी को संभाला. तिलक ने न सिर्फ टीम को संभाला बल्कि अपनी दमदार पारी से टीम की जीत भी सुनिश्चित की.तिलक ने 53 बॉल पर खेली गई अपनी 69 रनों की पारी में 4 छक्के और तीन चौके लगाए.
पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी पर अंत खराब
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने को मजबूर पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और फखर जमान की जोड़ी ने तेज और मजबूत शुरुआत दी थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.4 ओवर में पहले विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की. साहिबजादा फरहान 38 गेंद पर 3 छक्के और 5 चौके की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए. भारत के खिलाफ यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक था. फखर जमान 35 गेंद पर 2 छक्के और 2 चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए.
इन दोनों के अलावा पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने नहीं टिका. दोनों के आउट होते ही जैसे विकेटों की झड़ी लग गई. पूरी टीम 19.1 ओवर में 146 रन पर सिमट गई.
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज जब क्रीज पर थे, तो ऐसा लग रहा था कि स्कोर 200 के करीब जा सकता है. लेकिन, भारतीय टीम की वापसी स्पिनरों ने जोरदार तरीके से कराई और विपक्षी टीम 150 का आंकड़ा भी नहीं छू सकी. इसकी शुरुआत वरुण चक्रवर्ती ने फरहान का विकेट लेकर की. इसके बाद लाइन लग गई.
इस मैच में कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट लिए. अक्षर पटेल ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए. वरुण च्रकवर्ती ने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए. जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लिए.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

