IND vs PAK T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहुप्रतीक्षित मैच भारत बनाम पाकिस्तान कल (15 फरवरी) आर प्रेमदासा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, कोलंबो में खेला जाएगा. मैच से पहले (प्री-मैच) मीडिया से बातचीत करते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान अली आगा ( Salman Ali Agha) ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि क्रिकेट को भावना के साथ खेला जाना चाहिए. मेरी निजी राय शायद मायने न रखे, लेकिन क्रिकेट वैसे ही खेला जाना चाहिए जैसा हमेशा खेला जाता रहा है.
हाथ मिलाने पर क्या कहा? (IND vs PAK Pre Match press conference)
शनिवार (14 फरवरी) को हुई प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान अली आगा से पूछा गया कि क्या मैच के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ी एक दूसरे से हाथ मिलाएंगे? इसके जवाब में आगा ने कहा, “यह भारत पर है कि वे सही भावना के साथ खेलना चाहते हैं या नहीं.”
उन्होंने आगे कहा, “क्रिकेट को भावना के साथ खेला जाना चाहिए. मेरी निजी राय शायद मायने न रखे, लेकिन क्रिकेट वैसे ही खेला जाना चाहिए जैसा हमेशा से खेला जाता रहा है. यह उन्हें (टीम इंडिया) तय करना है कि क्या करना है.”
अपने खराब रिकॉर्ड को किया स्वीकार
कॉन्फेंस के दौरान पाकिस्तान के कप्तान ने भारत के खिलाफ अपने खराब रिकॉर्ड को स्वीकार करत हुए कहा कि “भारत के खिलाफ हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन हम इतिहास नहीं बदल सकते. हर दिन एक नया दिन होता है.”
एशिया कप से ‘हैंडशेक’ नहीं हो रहा
पिछले साल अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के आपसी रिश्ते कुछ अच्छें नहीं चल रहे हैं. इसका असर क्रिकेट पर भी पड़ा है. एशिया कप 2025 के दौरान हुए तीन मैचों में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ मैच के बाद होने वाला पारंपरिक ‘हैंडशेक’ नहीं किया था.
महिला क्रिकेट टीम और जूनियर टीमों ने भी ऐसा ही किया. विमेंस वर्ल्ड कप, अंडर-19 एशिया कप, अंडर-19 विश्व कप और राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया था. पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम ने एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था.
ये भी पढ़ें: IND-PAK वर्ल्डकप मैच में बारिश का संकट: 15 फरवरी को कोलंबो में 24 घंटे बरसात होने का अंदेशा; जानिए टीम के प्लेइंग 11
प्लाइंट टेबल पर कौन नंबर 1?
15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच दोनों टीमों के लिए काफी अहम साबित होने वाला है. इस मैच में ग्रुप A की पॉइंट्स टेबल पर कौन सी टीम कब्जा करेंगी इसका भी नतीजा मैच के साथ ही आएगा. फिलहाल पॉइंट्स टेबल पर भारत चार अंकों के साथ पहले स्थान पर मौजूद है. भारत ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को पीछे छोड़ा है, हालांकि पाकिस्तान भी चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

