Bharat Express DD Free Dish

T20 World Cup 2026: दिल्ली में नामीबिया ने जीता टॉस, टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में संजू सैमसन और बुमराह की वापसी

नामीबिया ने गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब देश की राजधानी पहुंच चुका है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आज भारत और नामीबिया के बीच एक दिलचस्प मुकाबला शुरू होने जा रहा है. मैच की शुरुआत टॉस से हुई, जिसे नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. भारतीय फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह और विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में वापसी हो गई है.

ओस का डर या रन बनाने का मौका?

टॉस जीतने के बाद नामीबियाई कप्तान इरासमस काफी आश्वस्त नजर आए. उन्होंने कहा कि पिच एकदम सपाट है और बल्लेबाजी के लिए शानदार दिख रही है. उन्होंने साफ किया कि शाम को ओस (Dew) एक बड़ा फैक्टर साबित हो सकती है, इसलिए वे लक्ष्य का पीछा करना पसंद करेंगे. नामीबिया ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं ताकि वे भारत जैसी मजबूत टीम को चुनौती दे सकें.

वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के चेहरे पर टॉस हारने का कोई मलाल नहीं दिखा. सूर्या ने हंसते हुए कहा,

“हम पहले बल्लेबाजी ही करना चाहते थे, इसलिए इस फैसले से खुश हैं. जब तक हम टॉस हारकर मैच जीत रहे हैं, तब तक हमें कोई शिकायत नहीं है.”

हालांकि, उन्होंने यह भी अपडेट दिया कि युवा ओपनर अभिषेक शर्मा अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और एक-दो मैचों के लिए बाहर रहेंगे. आज के मैच में मोहम्मद सिराज की जगह बुमराह को शामिल किया गया है, जो गेंदबाजी आक्रमण को और धार देंगे.

भारतीय टीम ने अपने पिछले मैच में अमेरिका को 29 रनों से धूल चटाई थी, जिससे उनका कॉन्फिडेंस सातवें आसमान पर है. दूसरी तरफ नामीबिया को नीदरलैंड्स के हाथों 7 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी. अगर आज भारत जीतता है, तो वह ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में पहले पायदान पर पहुंच सकता है.

फिलहाल पाकिस्तान दो जीत के साथ टॉप पर है, लेकिन टीम इंडिया का नेट रन रेट (+1.450) पाकिस्तान से काफी बेहतर है. ऐसे में आज की एक जीत टीम इंडिया को बादशाहत दिला सकती है.

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत: संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह.

नामीबिया: लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मालन क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हींगो.

ये भी पढ़ें- IND vs PAK: पाकिस्तान को धूल चटाने को तैयार टीम इंडिया, तिलक वर्मा ने खोला जीत का प्लान

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read