IPL 2025 CSK vs PBKS: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 49वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेले गए मैच में करारी हार का सामना करना पड़ा, जब युजवेंद्र चहल ने अपने एक ओवर में हैट्रिक सहित चार विकेट झटककर मैच की पूरी तस्वीर पलट दी. चेन्नई की टीम 190 रनों पर सिमट गई, जबकि ऐसा लग रहा था कि वो 200 के पार पहुंच जाएगी.
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतते ही गेंदबाज़ी का फैसला किया. चेन्नई के लिए बल्लेबाज़ी की शुरुआत शेख रशीद और आयुष म्हात्रे ने की, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज़ लंबी पारी नहीं खेल सके. अर्शदीप ने तीसरे ओवर में रशीद (11 रन) को चलता किया और अगले ही ओवर में म्हात्रे (7 रन) भी पवेलियन लौट गए.
कर्रन और ब्रेविस ने पारी को संभाला
शीर्ष क्रम के जल्दी ढहने के बाद रवींद्र जडेजा ने कुछ अच्छे शॉट्स खेले, लेकिन हरप्रीत बराड़ की गेंद पर वह भी 17 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद सैम कर्रन और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को आगे बढ़ाया और 78 रन की अहम साझेदारी की. ब्रेविस ने तेज़ 32 रन बनाए, जबकि कर्रन ने शानदार अर्धशतक लगाया और फिर आक्रामक मोड में बल्लेबाज़ी शुरू कर दी.
सैम कर्रन ने 30 गेंदों में फिफ्टी पूरी की और फिर बड़े शॉट्स खेलते हुए 47 गेंदों में 88 रन ठोक दिए. उन्होंने अपनी पारी में कई दर्शनीय चौके और छक्के लगाए. कर्रन और शिवम दुबे के बीच 46 रन की साझेदारी भी हुई, जिससे चेन्नई मजबूत स्थिति में नज़र आने लगी.
चहल का कहर और चेन्नई की तबाही
18वें ओवर में कर्रन का विकेट गिरा और उसके बाद शुरू हुआ युजवेंद्र चहल का कहर. 19वें ओवर में उन्होंने पहले दीपक हुड्डा, फिर इम्पैक्ट प्लेयर अंशुल कम्बोज और फिर आखिरी गेंद पर नूर अहमद को आउट कर हैट्रिक पूरी की. उसी ओवर में उन्होंने कुल 4 विकेट चटकाए. इस खतरनाक स्पेल के बाद चेन्नई की पारी 190 रनों पर ही सिमट गई, और वह पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई.
महेंद्र सिंह धोनी ने आते ही चहल पर एक शानदार छक्का लगाया, लेकिन अगली ही कोशिश में वो कैच आउट हो गए. उनके बल्ले से 11 रन आए.
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
चेन्नई सुपर किंग्स: शेख रशीद, आयुष म्हात्रे, सैम कर्रन, रवींद्र जडेजा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, दीपक हुड्डा, एमएस धोनी, नूर अहमद, खलील अहमद, मथीशा पथिराना
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, हरप्रीत बराड़, मार्को यानसेन, अजमतुल्लाह उमरजई, सूर्यांश शेडगे, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह
ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: 2026 के जापान एशियाई खेलों में फिर शामिल होगा क्रिकेट
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


