MI vs RR: राजस्थान रॉयल्स (RR) ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह बना ली है. टीम ने अपने आखिरी लीग मैच में मुंबई इंडियंस (MI) को 30 रन से हराकर यह उपलब्धि हासिल की. इस जीत के साथ राजस्थान प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है. इससे पहले आरसीबी, गुजरात और सनराइजर्स हैदराबाद भी क्वालिफाई कर चुकी हैं. राजस्थान रॉयल्स की जीत के बाद पंजाब किंग्स (PBKS) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद खत्म हो गई.
राजस्थान के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 205 रन बनाए और 8 विकेट खोए. जवाब में मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 175 रन ही बना सकी और 9 विकेट गिर गए. मुंबई इंडियंस की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए. उन्होंने 42 गेंदों की पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए. कप्तान हार्दिक पांड्या ने 34 रन और विल जैक्स ने 33 रन का योगदान दिया. राजस्थान के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट झटके, जबकि नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा और यश राज पुंजा ने दो-दो बल्लेबाजों को आउट किया.
मुंबई इंडियंस की बैटिंग हाइलाइट्स
मुंबई इंडियंस लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत से ही दबाव में आ गई और पावरप्ले में लगातार झटके लगे. रोहित शर्मा पहली ही गेंद में बिना खाता खोले जोफ्रा आर्चर की गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद नमन धीर (6 रन, 5 गेंद) को भी आर्चर ने पवेलियन भेज दिया. रयान रिकेल्टन (12 रन, 7 गेंद) को नांद्रे बर्गर ने बोल्ड किया, जबकि तिलक वर्मा (3 रन, 7 गेंद) को बृजेश शर्मा ने छठे ओवर में आउट किया. पावरप्ले के अंत तक मुंबई का स्कोर 49 रन पर चार विकेट था.
इसके बाद सूर्यकुमार यादव और विल जैक्स ने पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन यशराज पुंजा ने 12वें ओवर में जैक्स (33 रन, 18 गेंद) को आउट कर यह साझेदारी तोड़ दी. फिर सूर्यकुमार यादव और कप्तान हार्दिक पांड्या ने मिलकर 48 रन जोड़े. हार्दिक ने 15 गेंदों में 34 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे, लेकिन उन्हें 16वें ओवर में आर्चर ने आउट कर दिया. इसके बाद पुंजा ने अगले ओवर में कॉर्बिन बॉश (2) को भी आउट किया.
लेकिन सूर्यकुमार यादव ने संघर्ष जारी रखा और 42 गेंदों पर 60 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे, लेकिन 18वें ओवर में नांद्रे बर्गर ने उन्हें कैच एंड बोल्ड कर दिया. अंतिम ओवरों में दीपक चाहर (8 रन) एलबीडब्ल्यू आउट हुए, जबकि शार्दुल ठाकुर 10 रन और अल्लाह गजनफर 2 रन बनाकर नाबाद लौटे.
दोनों टीमों की प्लेइंग 11 (MI vs RR Playing 11)
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग 11: रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, अल्लाह गजनफर, रघु शर्मा.
ये भी पढ़ें: वानखेड़े में नीता अंबानी की अनूठी पहल: 20 हजार बच्चों के संग देखा MI vs RR मैच, खेल के साथ दिया शिक्षा का संदेश
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग 11: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, यशराज पुंजा, बृजेश शर्मा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




