मुल्तान में पहले टेस्ट में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मिली शर्मनाक हार के बाद बाबर आजम पर दूसरे टेस्ट में गाज गिर सकती है. ईएसपीएनक्रिकइंफो को पता चला है कि नई चयन समिति ने बाबर को बाहर किए जाने की सिफ़ारिश की है. शुक्रवार को पकिस्तान की हार के कुछ ही घंटों बाद लाहौर में चयन समिति की बैठक में यह प्रस्ताव सामने रखा गया था. इसके बाद शनिवार को भी मुल्तान में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नक़वी की मौजूदगी में बैठक हुई, इस बैठक में पीसीबी द्वारा तीन वर्ष के अनुबंध पर नियुक्त किए गए पांच मेंटॉर भी उपस्थित थे.
हालांकि इंग्लैंड के ख़िलाफ़ हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने सार्वजनिक तौर पर बाबर का बचाव किया था. उन्होंने बाबर को पाकिस्तान का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ बताते हुए खिलाड़ियों को अधिक समय दिए जाने की बात बार बार दोहराई थी. टेस्ट कोच जेसन गिलेस्पी भी बाबर को टीम में बनाए रखने के पक्ष में हैं. हालांकि चयन समिति का यह मानना है कि ख़राब फ़ॉर्म को देखते हुए बाबर के लिए राष्ट्रीय टीम से इतर अपना कुछ समय बिताना सही रहेगा. बाबर ने दिसंबर 2022 के बाद से ही टेस्ट में एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है.
नई चयन समिति में आक़िब जावेद, असद शफीक, अज़हर अली, पूर्व आईसीसी अंपायर अलीम डार और एनालिस्ट हसन चीमा सहित संबंधित प्रारूप के लिए चयनित होने वाली टीम के कप्तान और कोच शामिल हैं. ऐसा माना जा रहा है कि शुक्रवार की बैठक में मसूद और गिलेस्पी दोनों में ही कोई भी शामिल नहीं था. शनिवार को कप्तान और कोच से मिलने के लिए चयन समिति मुल्तान पहुंची थी. इस बैठक में अधिकतर मेंटॉर बाबर को टीम में बनाए रखने के पक्ष में थे लेकिन बहुमत बाबर को टीम से बाहर करने के पक्ष में था.
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ख़राब फ़ॉर्म से जूझ रहे बाबर 20 अक्टूबर से शुरु होने वाली क़ायद-ए-आज़म ट्रॉफ़ी के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं. बाबर ने 2019 के बाद से ही कोई प्रथम श्रेणी मैच नहीं खेला है.
बाबर मुल्तान की पाटा विकेट पर दो पारियों में सिर्फ़ 35 रन ही बना पाए. पहली पारी में वह अंदरूनी किनारे पर बीट हुए जबकि दूसरी पारी में वह बाहरी किनारे पर बीट हुए. यह बाबर की बिना अर्धशतक के 18वीं टेस्ट पारी थी. इससे पहले सिर्फ़ पाकिस्तान के चार विशेषज्ञ बल्लेबाज़ ही लगातार इतनी टेस्ट पारियों में अर्धशतक बनाने में असफल रहे हैं. 2023 की शुरुआत से लेकर अब तक बाबर ने नौ टेस्ट में 23 की औसत से रन बनाए हैं.
बाबर को बाहर किया जाना पाकिस्तान की टीम में एकमात्र बदलाव नहीं होगा. अबरार अहमद अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका रिकवर होना काफ़ी मुश्किल लग रहा है. ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि चयनकर्ता नोमान अली और साजिद ख़ान को स्पिन के अन्य विकल्प के रूप में देख रहे हैं. ऐसी भी संभावना है कि घुटने की चोट से वापसी करने के बाद से ख़राब फ़ॉर्म से जूझ रहे शाहीन शाह अफ़रीदी भी दूसरा टेस्ट मैच न खेलें. अफ़रीदी ने पाकिस्तान की पिछली चार टेस्ट सीरीज़ में दो सीरीज़ खेली हैं और बीच की दो सीरीज़ में वह नहीं खेले थे.
बाबर का बाहर होना पाकिस्तान क्रिकेट और उनके प्रशंसकों को स्तब्ध करने वाली घटना होगी क्योंकि वह मौजूदा दौर में पाकिस्तान क्रिकेट का सबसे बड़ा नाम हैं. बाबर को उनके सुनहरे दौर में विश्व के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज़ों में शुमार किया जाता था. नवंबर 2019 से लेकर दिसंबर 2022 तक बाबर ने 25 टेस्ट में 62 के क़रीब की औसत से रन बनाए थे, जिसमें आठ शतक और 15 अर्धशतक शामिल थे.
इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरा टेस्ट मुल्तान में ही 15 अक्तूबर को खेला जाएगा. इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट में पारी और 47 रनों से हार का स्वाद चखाया, जो कि टेस्ट में पाकिस्तान की लगातार छठी हार थी. पाकिस्तान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है.
ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में भारत का शानदार रिकॉर्ड, घर में नहीं गंवाई एक भी सीरीज
-भारत एक्सप्रेस
Amit Shah targets Arvind Kejriwal: द्वारका में 8,941 करोड़ रुपये के यमुना प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन…
गाजियाबाद के सनसिटी में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित विश्व के सबसे बड़े…
Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मॉडल…
Khargone Illegal Weapons: खरगोन पुलिस ने कसरावद रोड पर कार से 14 अवैध देसी पिस्टल…
Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में मुंबई के अंधेरी स्थित होटल के…
Patiala Couple Blackmailing Case: पंजाब के पटियाला में कार में बैठे कपल्स की कथित तौर…