चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज बस कुछ ही दिनों में होने वाला है. क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों और विशेषज्ञों ने टूर्नामेंट को लेकर अपनी राय देना शुरू कर दिया है. इस बीच, भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने भी पाकिस्तान टीम को लेकर बड़ा बयान दिया है.
शास्त्री का मानना है कि पाकिस्तान के पास शानदार तेज गेंदबाजी आक्रमण है. साथ ही, अपने घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा भी उसे मिलेगा. इस वजह से पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रदर्शन कर सकती है.
पाकिस्तान के पास है जीत का आत्मविश्वास
गत विजेता पाकिस्तान हाल ही में बेहतरीन फॉर्म में रहा है. उसने दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के खिलाफ लगातार तीन वनडे सीरीज अपने नाम की हैं. इस जीत का आत्मविश्वास उसे चैंपियंस ट्रॉफी में मजबूत दावेदार बना सकता है.
आईसीसी रिव्यू में बात करते हुए शास्त्री ने कहा, “पाकिस्तान की टीम पिछले 6-8 महीनों में शानदार क्रिकेट खेल रही है. खासकर दक्षिण अफ्रीका में उसका प्रदर्शन लाजवाब रहा है.”
टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी अयूब चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. इसके बावजूद शास्त्री का मानना है कि पाकिस्तान के पास मजबूत खिलाड़ी मौजूद हैं.
उन्होंने कहा, “अयूब टॉप ऑर्डर में अहम खिलाड़ी थे, उनकी कमी जरूर खलेगी. लेकिन पाकिस्तान अपने घरेलू हालात में बेहद खतरनाक टीम बन सकती है. मुझे लगता है कि वे सेमीफाइनल तक जरूर पहुंचेंगे. इसके बाद किसी भी टीम के पास जीतने का मौका होगा.”
पोंटिंग ने भी की पाकिस्तान की गेंदबाजी की तारीफ
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी पाकिस्तान की तेज गेंदबाजी को टूर्नामेंट में उसकी सबसे बड़ी ताकत बताया.
उन्होंने कहा, “रवि की बात से मैं पूरी तरह सहमत हूं. अयूब शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन पाकिस्तान का तेज गेंदबाजी आक्रमण बेहद खतरनाक है. शाहीन आफरीदी और नसीम शाह की अगुवाई में पाकिस्तान के गेंदबाज किसी भी बल्लेबाजी क्रम को परेशानी में डाल सकते हैं.”
पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मुकाबला 19 फरवरी को कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा. इसके बाद 23 फरवरी को दुबई में चिर-प्रतिद्वंदी भारत से भिड़ेगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





