Bharat Express DD Free Dish

‘लोग कहते थे मैं सिर्फ रिले में जीत सकती हूं…’, सहारनपुर की बेटी ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास, खुश हुए पीएम मोदी

भारतीय धाविका प्राची चौधरी ने एशियन गेम्स 2026 में महिला 400 मीटर की फाइनल दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) अपने नाम किया है. जानिए पीएम मोदी ने उन्हें बधाई देकर क्या कहा?

Prachi-Chaudhary-Bronze-Medal-Asian-Games-400m

भारतीय एथलेटिक्स दल के लिए एशियन गेम्स 2026 का मंच एक बार फिर खुशियों और गौरव का पल लेकर आया है. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली प्रतिभावान धाविका प्राची चौधरी ने महिला 400 मीटर की फाइनल दौड़ में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) अपने नाम किया है.

प्राची का यह पहला व्यक्तिगत एशियाई खेल पदक है, जिसने साबित कर दिया है कि वह न केवल रिले बल्कि व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी देशका नाम रोशन करने का दम रखती हैं. उनकी इस बड़ी सफलता पर देश भर में जश्न का माहौल है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी है.

53.21 सेकंड का समय निकालकर हासिल किया तीसरा स्थान

29 वर्षीय प्राची चौधरी ने कड़े मुकाबले के बीच 53.21 सेकंड का शानदार समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया. इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक बहरीन की दिग्गज धाविका साल्वा ईद नासर ने 49.20 सेकंड के समय के साथ जीता, जो कि एक नया एशियाई खेल रिकॉर्ड है. वहीं, रजत पदक ईरान की जहरा जरेई मनौजन ने 52.38 सेकंड में पूरा कर हासिल किया. भारत की दूसरी धाविका किरण पहल 53.41 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं.

रेस के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए प्राची चौधरी ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत खास पदक है क्योंकि लोग कहते थे कि मैं सिर्फ रिले में पदक जीत सकती हूँ. आज मैंने साबित कर दिया कि मैं व्यक्तिगत 400 मीटर में भी एशियाई खेलों का पदक जीत सकती हूँ.” उन्होंने आगे आने वाले मुकाबलों में 4×400 मीटर रिले में और भी बेहतर रंग का पदक जीतने का दृढ़ संकल्प जताया है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की सराहना

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर प्राची की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए लिखा, “प्राची चौधरी को एशियाई खेलों में महिला 400 मीटर में कांस्य पदक जीतने पर बधाई. उनकी उत्कृष्ट दौड़ ने भारत को पोडियम पर यादगार स्थान दिलाया है. आगे की कोशिशों के लिए शुभकामनाएं.” प्राची के इस कांस्य पदक के साथ ही एशियन गेम्स में भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है. उनकी यह मेहनत और संघर्ष देश के युवा खिलाड़ियों के लिए एक मिसाल है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read