Bharat Express DD Free Dish

आशुतोष शर्मा की टीम इंडिया-A में जबरदस्त एंट्री! जानिए T20 World Cup की दहलीज पर कैसे पहुंचा रतलाम का लाल?

मध्य प्रदेश के रतलाम निवासी उभरते बल्लेबाज आशुतोष शर्मा का चयन टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के अभ्यास मैचों के लिए इंडिया-A टीम में हुआ है. रेलवे टीम से दमदार प्रदर्शन करने वाले आशुतोष के लिए यह सीनियर टीम की ओर बड़ा कदम माना जा रहा है. पढ़ें पूरी खबर…

Ashutosh Sharma India A T20 World Cup 2026: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के उभरते हुए क्रिकेट सितारे आशुतोष शर्मा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा को साबित कर दिया है. दरअसल आगामी टी-20 विश्व कप 2026(T20 World Cup 2026) की तैयारियों के तहत खेले जाने वाले अभ्यास मुकाबलों के लिए आशुतोष का चयन ‘भारत-ए’ टीम में किया गया है. यह उपलब्धि न सिर्फ उनके क्रिकेट करियर का अहम पड़ाव है, बल्कि रतलाम समेत पूरे मध्य प्रदेश के लिए भी गर्व का क्षण है.

अभ्यास मैचों में दिखाएंगे जलवा

‘भारत-ए’ टीम विश्व कप की तैयारियों के मद्देनजर विभिन्न देशों की मुख्य टीमों के खिलाफ अभ्यास मुकाबले खेलेगी. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि आशुतोष के पास इस मंच पर अपनी छाप छोड़ने का सुनहरा मौका है. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और फिनिशिंग क्षमता टी-20 फॉर्मेट में टीम के लिए बहुत उपयोगी साबित हो सकती है. अगर अभ्यास मैचों में वे अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो भविष्य में सीनियर भारतीय टीम के दरवाजे भी उनके लिए खुल सकते हैं.

रतलाम से राष्ट्रीय स्तर तक का सफर

आशुतोष ने अपना क्रिकेट सफर मध्य प्रदेश की टीम से शुरू किया था. यहां उनके शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा. बता दें कि वर्तमान में वह घरेलू क्रिकेट में रेलवे की टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. रेलवे की ओर से खेलते हुए उन्होंने हाल के सत्रों में कई मैच जिताऊ पारियां खेली हैं. उनकी इस लगातार अच्छी फॉर्म का फल अब ‘इंडिया-ए’ की जर्सी के रूप में मिला है.

यह भी पढ़ें: IND vs PAK: पाकिस्तान ने किया इनकार तो फिर श्रीलंका क्यों जाएगी टीम इंडिया? जानें ICC का प्रोटोकॉल

जिले में जश्न का माहौल

आशुतोष की इस उपलब्धि के बाद रतलाम जिले में आशुतोष की इस उपलब्धि पर जश्न का माहौल है. स्थानीय क्रिकेट प्रेमी और उनके परिवार वाले गर्व महसूस कर रहे हैं. वहीं आशुतोष ने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिया है कि छोटे शहरों से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया जा सकता है. उनकी सफलता युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read