RR vs CSK IPL 2026: आईपीएल 2026 का तीसरा मुकाबला सोमवार को गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में खेला गया, जहां राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हरा दिया. मैच का नतीजा देखकर साफ लगा कि राजस्थान इस सीजन पूरी तैयारी के साथ उतरी है, जबकि चेन्नई की परेशानियां अभी भी खत्म होती नहीं दिख रहीं.
टॉस जीतकर राजस्थान ने पहले गेंदबाजी चुनी और उनका फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ. चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी शुरुआत से ही लड़खड़ाती नजर आई. टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और सिर्फ 127 रन पर सिमट गई. बल्लेबाजों में वो आत्मविश्वास नहीं दिखा, जिसकी टीम को जरूरत थी.
राजस्थान के गेंदबाजों ने सधी हुई लाइन-लेंथ के साथ चेन्नई को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया. नतीजा ये रहा कि सीएसके बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही.
राजस्थान की बैटिंग हाइलाइट्स (Rajsthan Batting Highlights)
128 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत ही धमाकेदार रही. वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली, जो इस मैच का सबसे बड़ा मोमेंट रहा. वैभव ने सिर्फ 17 गेंदों में 52 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 5 लंबे छक्के शामिल थे. उनकी इस विस्फोटक पारी ने मैच का रुख पूरी तरह राजस्थान की तरफ मोड़ दिया. जब वो आउट हुए, तब टीम का स्कोर 75 रन पहुंच चुका था और जीत लगभग तय लग रही थी.
वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल मैदान पर आए और 18 रन का छोटा लेकिन काम का योगदान दिया. हालांकि वो ज्यादा देर टिक नहीं पाए और 9वें ओवर में आउट हो गए.
इसके बाद कप्तान रियान पराग और यशस्वी जायसवाल ने बिना किसी जल्दबाजी के पारी को संभाला और टीम को 13वें ओवर में ही जीत दिला दी. दोनों ने समझदारी से खेलते हुए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया.
CSK की बैटिंग हाइलाइट्स (CSK Batting Highlights)
CSK की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनिंग करने उतरे संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ जल्दी आउट हो गए. दोनों ही सिर्फ 6-6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद आयुष म्हात्रे बिना खाता खोले आउट हो गए और मैथ्यू शॉर्ट भी सिर्फ 2 रन बनाकर चलते बने.
सरफराज खान ने थोड़ी कोशिश की, लेकिन वे 17 रन बनाकर आउट हो गए. उस समय टीम का स्कोर 51 रन पर 5 विकेट था. इसके बाद रवींद्र जडेजा ने एक ही ओवर में सरफराज और शिवम दुबे (6 रन) को आउट कर CSK को और मुश्किल में डाल दिया. 10 ओवर के बाद CSK का स्कोर 71 रन पर 6 विकेट था. फिर कार्तिक शर्मा 18 रन बनाकर आउट हो गए. अंत में जैमी ओवरटन ने 43 रन की पारी खेलकर टीम को 127 रन तक पहुंचाया. ऐसा कहा जा सकता है कि राजस्थान के गेंदबाजों ने पूरे मैच में दबाव बनाए रखा और CSK की बल्लेबाजी को पूरी तरह से संभलने का मौका नहीं दिया.
दोनों टीमों की प्लेइंग 11 (RR vs CSK Playing 11)
चन्नई सुपर किंग्स (CSK Playing 11) : संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, मैट शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, मैट हेनरी, अंशुल कंबोज, खलील अहमद.
राजस्थान रॉयल्स (RR Playing 11): यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरॉ हेटमायर, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, ब्रिजेश शर्मा.
ये भी पढ़ें: राजस्थान ने चेन्नई की तोड़ी कमर! 127 रन पर पूरी टीम लौटी पवेलियन, 17 साल बाद RR के लिए जडेजा का दमदार प्रदर्शन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




