Bharat Express DD Free Dish

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को हराने वाले PAK कप्तान ने लिया संन्यास, बाबर आजम-शाहीन अफरीदी के रहे उस्ताद!

Sarfaraz Ahmed retirement: पाकिस्तान के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है.

Sarfaraz Ahmed retirement

Sarfaraz Ahmed retirement: पाकिस्तान के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद (Sarfaraz Ahmed) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. लगभग दो दशक लंबे करियर के बाद उनके इस फैसले से क्रिकेट फैंस काफी भावुक हो गए हैं. सरफराज को पाकिस्तान क्रिकेट के सबसे जुझारू और सफल कप्तानों में गिना जाता है. उनके नेतृत्व में पाकिस्तान ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की है.

2007 में किया था डेब्यू

कराची में जन्मे सरफराज ने साल 2007 में जयपुर में भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर टीम में मजबूत जगह बनाई. अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में सरफराज ने 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी20 मैच खेले. इन मुकाबलों में उन्होंने कुल 6164 रन बनाए. विकेटकीपिंग में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा. उन्होंने स्टंप्स के पीछे 315 कैच और 56 स्टंपिंग कीं, जो उनकी बेहतरीन कीपिंग का सबूत है.

कप्तानी का भी है खास रिकॉर्ड

कप्तान के तौर पर सरफराज का दौर पाकिस्तान क्रिकेट के लिए काफी खास माना जाता है. उनकी कप्तानी में टीम ने टी20 क्रिकेट में दुनिया की नंबर-1 रैंकिंग हासिल की थी. इतना ही नहीं, पाकिस्तान ने लगातार 11 टी20 सीरीज जीतने का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया था.

भारत का दो बार तोड़ा सपना

सरफराज के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि साल 2017 में आई, जब उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2017 (ICC Champions Trophy 2017) का खिताब जीता. फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 180 रनों से हराकर इतिहास रच दिया था. दिलचस्प बात यह है कि सरफराज दुनिया के इकलौते कप्तान हैं जिन्होंने अपनी टीम को जूनियर और सीनियर दोनों स्तरों पर आईसीसी चैंपियन बनाया. उन्होंने ICC Under‑19 Cricket World Cup 2006 में पाकिस्तान को जीत दिलाई थी और दोनों ही बार फाइनल में भारत को हराया था.

सरफराज सिर्फ एक कप्तान ही नहीं बल्कि युवा खिलाड़ियों के मेंटर भी रहे. उन्होंने बाबर आजम (Babar Azam), शाहीन शाह अफरीदी (Shaheen Shah Afridi), फखर जमान (Fakhar Zaman) और शादाब खान (Shadab Khan) जैसे खिलाड़ियों को शुरुआती दौर में काफी सपोर्ट किया.


ये भी पढ़ें: मैदान पर हाई वोल्टेज ड्रामा! रन आउट होने पर भड़के PAK बल्लेबाज, बीच पिच पर बांग्लादेशी कप्तान से हुई भिड़ंत, देखें VIDEO


कोच बनेंगे सरफराज अहमद

हालांकि पिछले कुछ सालों में मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) के आने के बाद सरफराज टीम से अंदर-बाहर होते रहे. उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच दिसंबर 2023 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट के रूप में खेला था. अब चर्चा है कि आने वाले समय में सरफराज क्रिकेट से पूरी तरह दूर नहीं होंगे. माना जा रहा है कि आईसीसी मैंस टी20 वलर्ड कप 2026 (ICC Men’s T20 World Cup 2026) में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद टीम में बड़े बदलाव हो सकते हैं और सरफराज को कोचिंग स्टाफ में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read