सुचिका तरियाल ने भारत का पहला मेडल पक्का किया
भारत की बेटी सुचिका तरियाल ने एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया है. 36 साल की सुचिका ने उस खेल में देश के लिए पहला पदक सुनिश्चित किया है, जिसका इस बार डेब्यू हुआ है. हम बात कर रहे हैं MMA यानी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की. महिलाओं के 60 किलो वर्ग के क्वार्टर फाइनल में उन्होंने मंगोलिया की खिलाड़ी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए मेडल पक्का कर दिया.
मेडल तय, रंग बाकी
सुचिका ने ब्रॉन्ज मेडल तो सुनिश्चित कर लिया है, लेकिन अब सबकी नजर इस बात पर है कि आगे उनका प्रदर्शन कैसा रहता है. मंगलवार को होने वाले सेमीफाइनल में जीत हासिल करने पर उन्हें गोल्ड मेडल के लिए उतरने का मौका मिलेगा.
रोहतक की बेटी की संघर्ष कहानी
सुचिका तरियाल रोहतक की रहने वाली हैं. SAI की प्रेस रिलीज के मुताबिक, 12 साल की उम्र में उनके साथ छेड़छाड़ की घटना हुई थी. इसी वजह से उन्होंने आत्मरक्षा के लिए जूडो अपनाया. उस समय उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि एक दिन वो MMA की स्टार बनेंगी और लाखों फॉलोअर्स के साथ देश का प्रतिनिधित्व करेंगी.
MMA में सफर और उपलब्धियां
सुचिका ने 2017 में MMA में डेब्यू किया और जीत दर्ज की. इसके बाद उन्होंने सात साल का ब्रेक लिया. दिसंबर 2024 में बहरीन में हुए BRAVE CF 92 में उन्होंने प्रोफेशनल MMA में वापसी की और जीत हासिल की. प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से सम्मानित हो चुकीं सुचिका ने इस साल जनवरी और मई में एशियन MMA चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था.
ये भी पढ़ें-ट्रॉफियों की भरमार फिर भी BCCI से किनारा, अगरकर के इस्तीफे के पीछे 3 बड़े कारण
अब नजर सुनहरे मेडल पर
जापान पहुंचकर सुचिका ने जिस उम्मीद के साथ शुरुआत की थी, उसे उन्होंने हकीकत में बदलना शुरू कर दिया है. अब बस इंतजार है कि वो इस सफर को गोल्ड मेडल के साथ पूरा करें.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

