T20 World Cup 2026: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के साथ एक ताजा बैठक की. इस मीटिंग में बांग्लादेश ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाल देते हुए ICC टी20 वर्ल्ड कप में भारत का दौरा ना करने की बात दोहराई है. टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 3 मार्च 2026 में भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा.
बैठक में क्या-क्या हुआ?
मंगलवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बीच वर्चुअल मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर अहम चर्चा हुई. इस ऑनलाइन बैठक में BCB के शीर्ष पदाधिकारी शामिल हुए, जिनमें अध्यक्ष मोहम्मद अमीनुल इस्लाम, उपाध्यक्ष मोहम्मद शकावत हुसैन और फारूक अहमद, क्रिकेट ऑपरेशंस कमेटी के प्रमुख नजमुल आबेदीन, निदेशक और सीईओ निजामुद्दीन चौधरी शामिल हुए. BCB ने इसकी पुष्टि आधिकारिक मीडिया बयान के जरिए की.
बैठक के दौरान बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की. बोर्ड ने ICC से आग्रह किया कि सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए बांग्लादेश के मुकाबले भारत के बजाय किसी अन्य देश में आयोजित करने पर विचार किया जाए.
ICC ने दिया फरमान
ICC ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट से जुड़ा कार्यक्रम और टीमों की यात्रा का शेड्यूल पहले ही तय किया जा चुका है. साथ ही आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया. हालांकि, BCB ने अपने रुख में कोई बदलाव नहीं किया और दो टूक कहा कि खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम मैनेजमेंट और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिस पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता.
यह विवाद ऐसे वक्त उभरा है, जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच संबंध पहले से ही तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं, जिससे मामला और संवेदनशील बन गया है.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली को मिला अपना ही ‘डुप्लीकेट’! नन्हे हमशक्ल को देख रोहित शर्मा भी रह गए दंग, किंग कोहली ने दिया ये खास नाम
कहां से शुरू हुआ था विवाद
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BBCI) ने आदेश पर कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा आईपीएल 2026 से पहले मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने से उठे विवाद के बाद बांग्लादेश बोर्ड ने खिलाड़ियों की सुरक्षाओं का हवाला देते हुए टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत का दौरा नहीं करने का फैसला लिया था और इससे संबंधित आईसीसी को दो पत्र लिखे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



